मजदूरों को घर भेजने की जिम्मेदारी खुद लेंगी चीनी मिल
बिजनौर। जिले की चीनी मिलों में काम करने वाले मजदूरों को चीनी मिल उनके जिलों में भिजवाएंगे। इसके लिए बस या अन्य व्यवस्था चीनी मिलों को ही करनी होगी। जिला गन्ना अधिकारी ने इस संबंध में चीनी मिलों को निर्देश जारी किए हैं। अगर किसी चीनी मिल ने मजदूरों को उनके हाल पर छोड़ा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
जिले की सभी नौ चीनी मिलों में अभी तक गन्ना पेराई हो रही है। हालांकि पेराई अब आखिरी चरण में है। एक दो दिन में ही चीनी मिलों के चक्के थमने शुरू हो जाएंगे। चीनी मिलों में पूर्वी उत्तर प्रदेश व बिहार के भी काफी मजदूर काम करते हैं। मिलों में काम करने वाले मजदूरों को उनके जिलों में पहुंचाने की जिम्मेदारी चीनी मिलों की ही होगी। अगर कोई चीनी मिल काम बंद होने पर मजदूरों को ऐसे ही निकाल देगी तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार चीनी मिलों को उसके यहां काम करने वाले मजदूरों को घर भेजने की व्यवस्था करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। मजदूूरों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।