नांगलसोती-शहजादपुर में बैठक करते भाकियू कार्यकर्ता।(स्रोत-किसान)
- फोटो : घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व क्षतिग्रस्त कार।
नांगलसोती। भारतीय किसान यूनियन की बैठक में किसानों से अधिक पैदावार, रोगमुक्त और लाभकारी गन्ना प्रजाति की बोने की अपील की गई। किसानों ने मिल प्रशासन से चीनी मिल हित के साथ किसानों के हित के बारे में भी विचार करने की अपील की।
गांव शहजादपुर में भाकियू टिकैत पश्चिम प्रदेश के सचिव दिनेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में दिनेश कुमार ने कहा कि कम लागत में अधिक उत्पादन और अधिक मुनाफा देने वाली गन्ना प्रजाति 0238 में लाल सड़न का रोग लग गया है। मिल प्रशासन किसानों को कई नई प्रजाति के गन्ना बोने के लिए प्रेरित कर रहा है, लेकिन कुछ प्रजातियों में लागत अधिक आ रही है और उपज काफी कम निकल रही है। ऐसे में किसानों को उस गन्ना प्रजाति का कोई लाभ नहीं मिल रहा है।
किसानों ने मिल प्रशासन से चीनी मिल हित के साथ किसानों के हित के बारे में भी विचार करने की अपील की, जिससे किसानों को लागत के हिसाब से मुनाफा मिल सके। किसान नेताओं ने किसानों से कम लागत और अधिक उपज के गन्ने की बुवाई करने की बात कही। बैठक में दिनेश कुमार, नरदेव सिंह, धर्मेंद्र, मुकेश कुमार, हुक्म सिंह, प्रमोद कुमार, मोहित कुमार, शेखर आदि मौजूद रहे।