हेल्प डेस्क पर फोन नहीं कर रहे विद्यार्थी
बिजनौर। विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए बनी हेल्प डेस्क कागजी साबित हो रही है। क्योंकि हाईस्कूल व इंटर के विद्यार्थियों की हेल्प डेस्क पर पढ़ाई की समस्या की कॉल नहीं आ रही है। विद्यार्थी विषय विशेषज्ञ से संपर्क करने के माध्यम की कोई जानकारी नहीं देने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने विषय विशेषज्ञों के मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग की है।
शासन ने यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों को पढ़ाई की समस्याएं दूर करने के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की है। जिस पर 32 विषय के विशेषज्ञ नियुक्त किए गए हैं। जिला कंट्रोल रूम प्रभारी के अनुसार ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान विषय विशेषज्ञ के समक्ष विद्यार्थियों की किसी भी विषय की कोई समस्या नहीं आई थी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा जल्द होने वाली हैं। अब शासन ने बोर्ड परीक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षा की तैयारी के लिए हेल्प डेस्क गठित करने के निर्देश दिए हैं। जिस पर डीआईओएस कार्यालय ने जिला व तहसील स्तर पर हेल्प डेस्क बनाई है। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि जिला मुख्यालय बिजनौर, चांदपुर, नगीना, नजीबाबाद, धामपुर तहसील स्तर पर विषयवार विषय विशेषज्ञ नियुक्त किए गए हैं।
हेल्प डेस्क स्थापित हुए चार दिन बीत गए हैं। विद्यार्थी हेल्प डेस्क पर विषयों की समस्या रखने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। हेल्प डेस्क जिला प्रभारी एवं जीजीआईसी बिजनौर की प्रधानाचार्या विनीता के अनुसार किसी भी विषय विशेषज्ञ के पास विद्यार्थियों की कोई समस्या नहीं आई है। विषय विशेषज्ञों के मोबाइल नंबर सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक ऑन रहते हैं। विद्यार्थी उन्हें पढ़ाई को लेकर फोन नहीं कर रहे हैं।
विद्यार्थी बोले, विषय विशेषज्ञ के मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं
विद्यार्थियों नीतीश, रवींद्र, रनवीर, हरेंद्र, मंजू, ललिता आदि का का कहना है कि डीआईओएस कार्यालय ने विभिन्न विषय के विशेषज्ञ नियुक्त किए हैं। विषय विशेषज्ञ से संपर्क करने के लिए मोबाइल नंबर जारी हुए हैं। विद्यार्थी को मोबाइल नंबर नहीं मिल रहे हैं। वे अपनी समस्या कैसे रखें। विद्यार्थियों की मांग है कि डीआईओएस कार्यालय हर विद्यालय को विषय विशेषज्ञों के मोबाइल नंबर भेजे तथा प्रधानाचार्य को मोबाइल नंबर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएं।