कला उत्सव में विद्यार्थियों ने बनाई सुंदर पेंटिंग
बिजनौर। आरजेपी इंटर कॉलेज में अंतर विद्यालय चित्रकला, नृत्य, गायन, वादन आदि विभिन्न विधाओं पर आधारित छात्र छात्राओं की प्रतियोगिता आयोजित हुईं।
जनपद स्तरीय कला उत्सव में केपीएस कन्या इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, श्री विदुर गुरु गृह इंटर कॉलेज विदुर कुटी, कन्या इंटर कॉलेज धामपुर, डीएवी इंटर कॉलेज, आरजेपी इंटर कॉलेज, जीआईसी, जीजीआईसी आदि अनेक विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अनेक सामाजिक संदेश देते हुए पोस्टर बनाए। प्रधानाचार्य ओमपाल सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को न केवल उनकी प्रतिभा के विकास का अवसर प्रदान करते हैं बल्कि उनकी उत्कृष्ट कला को आगे तक भेजने में भी सहायक होते हैं।
उपप्रधानाचार्य बिशनलाल ने आह्वान किया कि शिक्षक एवं अभिभावक अपने बच्चों को इस प्रकार की कलाओं में पारंगत बनाएं तथा हर आयोजन में उन्हें प्रतिभाग करने के लिए भी प्रेरित करें। अंग्रेजी प्रवक्ता गयूर आसिफ तथा बृजेश कुमार के निर्देशन में प्रतियोगिता आयोजित हुई। केपीएस की प्रधानाचार्य संगीता गुप्ता तथा जीजीआईसी की अध्यापिका रश्मि रानी गुप्ता तथा ध्वनि गर्ग निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर करणवीर सिंह, वीरेंद्र कुमार, घनश्याम सिंह, नरेंद्र सिंह, अतुल रस्तोगी, रश्मि चौहान, डा.मंजू रानी, अलका अग्रवाल, सुषमा शर्मा, रेखा रानी, सर्वेश राजपूत, रितु, ध्वनि गर्ग, फरह जबी आदि उपस्थित रहे।