बिजनौर के शिवाला कलां में गांव फीना में एक इंटर कॉलेज के सामने छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक पक्ष की ओर से की गई फायरिंग से अफरातफरी मच गई।
बुधवार को छुट्टी के समय स्कूल के गेट के बाहर छात्रों के दो गुटों में पहले से ही चले आ रहे किसी विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद जमकर लात घूंसे चले। शोर होने पर स्कूल के शिक्षक दौड़कर पहुंचे। इस पर एक गुट के छात्रों ने फायर कर दिया और फरार हो गए। फायरिंग होने से वहां अफरातफरी फैल गई। स्कूल की प्रधानाचार्या ने मामले की सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष विजेंद्र राणा मौके पर पहुंचे और आरोपी छात्रों की तलाश की, लेकिन वह पुलिस आने से पहले ही फरार हो गए। प्रधानाचार्या ने बताया कि झगड़ा करने वाले उनके स्कूल के छात्र नहीं हैं। गांव सराय निवासी एक युवक को नामजद करते हुए छह अज्ञात के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है।