विद्यार्थी को मिले 15 मिनट की छूट
बिजनौर। अभिभावक संघ की बैठक में सीबीएसई की परीक्षा में देरी से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों के लिए 15 मिनट की छूट दिए जाने की मांग की गई। अभिभावक संघ ने विद्यार्थी के एक मिनट की देरी से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने पर उसे परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं देने को गलत बताया। संघ के पदाधिकारियों ने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपा है।
बुधवार को संघ की बैठक कोषाध्यक्ष जया अग्रवाल के आवास पर आयोजित हुई। संघ के पदाधिकारियों ने सीबीएसई के नियमों को गलत बताया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संरक्षक नृपेंद्र देशवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि के पर्व पर मार्गों पर जाम की स्थिति है। जाम के कारण परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में देरी हो सकती है। लेकिन शासन के निर्देश हैं कि एक मिनट की देरी पर भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस कारण छात्र-छात्राओं की पूरे साल की मेहनत बर्बाद हो जाएगी। अभिभावक संघ ने जिला प्रशासन से परीक्षा केंद्र पर देरी से पहुंचने पर परीक्षार्थी को विलंब के समय को 15 मिनट करने की मांग की। बैठक में सीमा भारती, मीनाक्षी शर्मा, अभिषेक वत्स, सुरेखा लाहौरी, कल्पना शर्मा आदि ने विचार रखे।