व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे हैं छात्रों के परीक्षाफल
बिजनौर। पब्लिक स्कूलों के छात्रों में फाइनल परीक्षा होने के बाद भी रिजल्ट नहीं मिलने से बेचैनी है। कुछ पब्लिक स्कूलों ने व्हाट्सएप से बच्चों को रिजल्ट भेजने शुरू कर दिए हैं जबकि अन्य पब्लिक स्कूल कोरोना वायरस के चलते वेट एंड वाच की स्थिति में हैं।
जिले में सीबीएसई से संबद्ध 101 स्कूल हैं। इन स्कूलों का शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से शुरू होकर 31 मार्च को समाप्त होता है। सीबीएसई से संबंद्ध स्कूलों का शैक्षिक कलेंडर होता है। उसके अनुसार पब्लिक स्कूलों के बच्चों की फाइनल परीक्षा हो चुकी है। जिले के स्कूल कोरोना के कारण दो अप्रैल तक बंद हैं। छात्रों को कोरोना वायरस से बचने के लिए घरों से नहीं निकलने की सलाह है। परंतु घरों में बैठे बच्चे अपने फाइनल रिजल्ट को लेकर बैचेन हैं। इसको देखते हुए कुछ पब्लिक स्कूलों ने व्हाट्सएप से रिजल्ट भेजने शुरू कर दिए हैं। बताया गया कि टीचर घर पर ही रिजल्ट तैयार करने तथा व्हाट्सएप से बच्चों को भेजने का काम कर रहे हैं। माडर्न एरा पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल सीमा विश्वास ने बताया कि उनके स्कूल का गृह परीक्षाफल तैयार है। प्रशासन के निर्देश पर स्कूल दो अप्रैल तक बंद हैं। बताया कि वह अभी वेट एंड वाच की स्थिति में हैं। स्थिति थोड़ा सामान्य होने का इंतजार है। विश्वास ने कहा कि किसी भी छात्र को रिजल्ट लेने स्कूल नहीं बुलाया जाएगा। विद्यालय स्तर से दो चरण में रिजल्ट छात्रों को भेजने का काम होगा। पहले चरण छात्रों को व्हाट्सएप से पास, फेल की जानकारी भेजी जाएगी। दूसरे चरण में रिजल्ट कार्ड भेजे जाएंगे। यह प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी। छात्रों को परेशान नहीं होना है। टीचर रिजल्ट भेजने का काम घर से ही करेंगी। उधर जीजीआईसी बिजनौर की प्रधानाचार्या निर्मला शर्मा ने बताया कि शिक्षिकाएं घरों पर रिजल्ट तैयार कर रही हैं। करीब 75 प्रतिशत रिजल्ट तैयार हैं। कालेज में पढ़ने वाली सभी छात्राओं के पास मोबाइल पर व्हाट्सएप नहीं हैं। प्रशासन के निर्देशों पर ही परीक्षाफल वितरण की तारीख तय होगी।