बिजनौर में सब्जी मंडी में सब्जियों का रेट पता करते डीएसओ व अन्य अधिकारी।
- फोटो : BIJNOR
खाद्यान्न की ओवर रेटिंग व स्टॉक करने पर होगी कार्रवाई
बिजनौर। ग्राहकों की बाजार में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। उपभोक्ताओं से वसूली जा रही कीमत व जमाखोरी न होने देने के लिए सोमवार को डीएसओ व मंडी समिति सचिव ने सब्जी मंडी व अनाज मंडी में निरीक्षण किया। खुद दुकानों पर जाकर रेट पूछे। ओवर रेटिंग व जमाखोरी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
बाजार में इस समय भीड़ केवल पेट्रोल पंपों व सब्जी मंडी में ही दिख रही है। मंडी में भी सबसे ज्यादा बिक्री आलू की ही हो रही है। सोमवार को डीएसओ मनीष कुमार व मंडी समिति सचिव इंद्रराज सिंह ने मंडी का निरीक्षण किया। आढ़त पर आलू व प्याज के बाजार भाव पूछे। व्यापारियों ने बताया कि आढ़त पर आलू 17 व रिटेल में 20 से 25, प्याज आढ़त में 20 व फुटकर में 25 से 30 रुपये प्रति किलो बिक रही है। दोनों अधिकारियों ने सब्जियों की दुकानों पर भी जाकर रेट पूछे। किराना स्टोर पर जाकर खाद्यान्न के रेट पता किए और स्टॉक की भी जांच की। डीएसओ मनीष कुमार ने बताया कि जमाखोरी व ओवररेटिंग नहीं होने दी जाएगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बताया कि जिले में खाद्यान्न पूरी मात्रा में है। जिलेवासी खाद्यान्न का स्टॉक करने की कोशिश न करें। किसी भी स्थिति में किसी को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।