नहटौर। कंपोजिट विद्यालय मीमला मुस्ताबाद में स्कूल का चार्ज लेने को लेकर चल रही खींचतान का असर अब सीधे शिक्षण व्यवस्था पर पड़ने लगा है। बुधवार को विद्यालय में एक भी छात्र नहीं पहुंचा, जिससे 146 के सापेक्ष उपस्थिति शून्य रही।
लंबे समय से विद्यालय के चार्ज को लेकर विवाद चल रहा है। ग्रामीण वर्तमान इंचार्ज अध्यापक पर हठधर्मिता का आरोप लगते रहे हैं। इसे लेकर बीआरसी और बीएसए कार्यालय पर किसान यूनियन सहित अन्य संगठनों द्वारा नियमानुसार कार्यभार दिलाने की मांग भी की गई थी। बीएसए ने वरिष्ठता के आधार पर अध्यापिका दीपा को चार्ज लेने के निर्देश दिए थे, लेकिन उनके मेडिकल अवकाश पर होने के कारण कार्यभार ग्रहण नहीं किया गया।
बताया गया कि मंगलवार को ग्राम प्रधान अशोक कुमार ग्रामीणों और अभिभावकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मामले से अवगत कराते हुए नियमानुसार सीनियर अध्यापक को चार्ज दिलाने तथा संबंधित शिक्षक को हटाने की मांग की। समाधान न होने से नाराज अभिभावकों ने बुधवार को बच्चों को स्कूल नहीं भेजा। वहीं, इंचार्ज अध्यापक ने बताया कि कुछ बच्चे गेहूं की कटाई के चलते अनुपस्थित चल रहे हैं बाकि को साजिशन रोका गया हैै।