- परिजनों का आरोप- शिक्षक, शिक्षिकाओं ने छात्र पर पैसे चोरी का आरोप लगाया और उसकी पिटाई की
- मामला संज्ञान में आने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बीईओ को दिए जांच के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
हीमपुर दीपा (बिजनौर)। परिषदीय स्कूल गांव गंधौर के शिक्षक-शिक्षिकाओं पर छात्र की पिटाई करने का आरोप लगाया। कहा कि पिटाई से छात्र बेहोश हो गया। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के ग्राम गंधौर निवासी 11 वर्षीय छात्र गांव के परिषदीय प्राथमिक स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ता है। रोजमर्रा की तरह शनिवार को छात्र सुबह स्कूल पढ़ने के लिए गया था। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में दो अध्यापिकाओं ने छात्र पर पैसे चोरी करने का आरोप लगाते हुए पिटाई की। पिटाई का वीडियो भी बनाया है। परिजनों का कहना है कि छात्र जब घर के लिए आ रहा था तो रास्ते में एक शिक्षक ने भी पिटाई की। वहां घास काट रही महिलाओं ने यह देख बालक के परिजनों को इसकी जानकारी दी। मामले को लेकर स्कूल पहुंचे परिजनों को प्रधानाचार्य ने छात्र का नाम काटने की धमकी। आक्रोशित परिजनों ने मामले की तहरीर थाना हीमपुर दीपा में दी और कार्रवाई की मांग की है।
उधर प्रधानाध्यापक ने बताया कि छात्र ने दो दिन पूर्व स्कूल की अध्यापिकाओं के एक पर्स से 500 व दूसरे पर्स 570 रुपये निकाल लिए थे। दो छात्रों ने देख लिया था। इसी की पूछताछ के संबंध में बालक के पिता को बुलाया था। पिता ने ही स्कूल में छात्र की पिटाई की थी। मेरे ऊपर लगाए आरोप निराधार हैं। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई का दावा कर रही है।
- मामले में करा रहे हैं जांच : बीएसए
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि मामला उनकी संज्ञान में आया है। खंड शिक्षा अधिकारी से मामले की जांच कर आख्या मांगी गई है। जांच आख्या आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।