हड़ताली बैंककर्मियों ने किया प्रदर्शन
नजीबाबाद। स्टेट बैंक मुख्य शाखा पर बैंक कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। पीएनबी तथा अन्य बैंक कर्मचारी भी हड़ताल पर रहे। बैंक में हड़ताल से ग्राहकों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बैंक कर्मचारियों ने शुक्रवार को हड़ताल रखी। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर एसबीआई अधिकारी संघ के सहायक क्षेत्रीय सचिव संतोष कुमार के नेतृत्व में बैंक कर्मचारियों ने कामकाज ठप रखकर सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की। कर्मचारी नेता संतोष कुमार ने बताया कि जिन मांगों को लेकर बैंककर्मी हड़ताल पर हैं, उनमें वेतन वृद्धि, पुरानी पेंशन बहाली योजना लागू करने, नवंबर 2017 से साप्ताहिक पांच दिवसीय कार्य सहित अनेक मांगें शामिल हैं। प्रदर्शन में सिद्धार्थ रावत, बाबूराम, नीरज वर्मा,आलोक मिश्रा, हुकम सिंह, राजेंद्र सिंह, मनोज कुमार, दिनेश कुमार, बलराम सिंह, धर्मेंद्र कुमार सहित अनेक कर्मचारी शामिल हुए। अन्य बैंकों से सचिन कुमार, लव कुमार, कृष्ण कुमार ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। बैंककर्मियों की हड़ताल के कारण स्टेट बैंक, पीएनबी, केनरा बैंक, सिंडिकेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया में कामकाज प्रभावित रहा। बैंकों में हड़ताल के कारण लेनदेन के लिए आए ग्राहकों को मायूस लौटना पड़ा।