नहटौर में गुलदार के हमले में घायल कलवा (स्रोत: वायरल वीडियो)
नहटौर। आवारा कुत्तों ने अपनी जान पर खेलकर चौकीदार की जिंदगी बचा ली। दरअसल एमआरएफ सेंटर (कूड़ा निस्तारण केंद्र) के गेट के पास बृहस्पतिवार रात गुलदार ने चौकीदार पर हमला कर दिया। चौकीदार के चीखने-चिल्लाने की आवाज वहां अपशिष्ट खाने के लिए पड़े रहने वाले चार-पांच कुत्तों ने गुलदार का मुकाबला किया तो उसने चौकीदार को छोड़ दिया और एक कुत्ते को उठाकर जंगल में ले गया।
मोहल्ला नौधा निवासी कलवा (60) पुत्र सुक्खे एमआरएफ सेंटर पर चौकीदारी करते हैं। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह चौकीदारी के लिए सेंटर पर जा रहे थे। जैसे ही वह सेंटर के गेट के पास पहुंचे तो गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। गुलदार के पंजे लगते ही कलवा चीख पड़े। चीख सुनकर सेंटर के आसपास मौजूद कुत्ते दौड़ पड़े और कई कुत्तों ने एक साथ गुलदार का सामना किया। अचानक हुए विरोध से गुलदार पीछे हट गया और चौकीदार को छोड़कर एक कुत्ते को दबोचकर जंगल की ओर चला गया। घटना में घायल कलवा को परिजन उन्हें सीएचसी ले गए, जहां उनका उपचार कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए सेंटर के पास पिंजरा लगवाया जाएगा।