विधान सभा चुनाव के लिए सांख्यिकी निगरानी टीमें गठित
धामपुर। विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांति पूूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण तंत्र के तहत जिले की सभी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सांख्यिकी निगरानी टीमों का गठन कर दिया गया है। एसडीएम विजय वर्धन तोमर ने बताया कि टीमों का कार्य चुनाव आचार संहिता के लागू होने के साथ शुरू हो गया है। टीमों को चेकिंग करने के प्वाइंटों का निर्धारण कर उनकी ड्यूटी लगा दी है। धामपुर विधान सभा क्षेत्र में निगरानी टीम के हाईवे 74 पर मुबारकपुर कुंडा के पास चेकिंग स्थान निर्धारित किया गया है।
एसडीएम ने बताया कि धामपुर तहसील में धामपुर विधान सभा पूर्ण और नहटौर व बढ़ापुर विधान सभा के आंशिक बूथ शामिल हैं। चुनाव के मद्देनजर कोई संभावित प्रत्याशी या प्रत्याशी किसी भी प्रकार से कैश, शराब आदि की आपूर्ति न कर सकें। इस पर रोक लगाने के लिए सांख्यिकी टीमों का गठन कर ड्यूटी लगा दी गई है। बताया कि धामपुर विधान सभा क्षेत्र में प्रशासन की ओर से मुबारकपुर कुंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग प्वाइंट बनाया गया है। टीम में शामिल अधिकारी यहां पर वाहनों की चेकिंग करेंगे। इस प्वाइंट पर गन्ना विकास निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, खांडसारी अधिकारी नजीबाबाद, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी देेशबंधु को बतौर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
नहटौर विधान सभा क्षेत्र के हल्दौर में बिलाई नहर की पुलिया को चेकिंग स्थान बनाया गया है। यहां पर भूमि संरक्षण प्रयोगशाला के प्रावैधिक सहायक सुबोध कुमार, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी बिजनौर, नहर निर्माण खंड चार के राजस्व अधिकारी सतेंद्र कुमार को मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
बढ़ापुर विधान सभा क्षेत्र टांडा माइदास को चेकिंग स्थान निर्धारित कर उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी नगीना गजेंद्र सैनी, सुशील कुमार व कृषि उत्सादन मंडी निरीक्षक नगीना ध्रुव कुमार को मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसी प्रकार से नजीबाबाद विधान सभा क्षेत्र में जाफराबाद चौकी, नगीना विधान सभा क्षेत्र में बुंदकी तिराहा और बिजनौर विधान सभा क्षेत्र में बैराज चेक पोस्ट को चेकिंग स्थान निर्धारित कर मजिस्ट्रेटों को तैनात कर दिया गया है।