चकबंदी प्रक्रिया के खिलाफ शुरू किया धरना
बिजनौर। भाकियू कार्यकर्ताओं ने सालों से चल रही चकबंदी प्रक्रिया के खिलाफ जिला बंदोबस्त अधिकारी कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आकर वार्ता की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
धरने पर वक्ताओं ने कहा कि हल्दौर, मिट्ठोपुर, कायमनगर, दोदराजपुर, मदपुरी आदि में कई सालों से चकबंदी चल रही है, लेकिन अभी तक किसानों को खेत नहीं मिले हैं। जिला महासचिव नरदेव सिंह, युवा जिला अध्यक्ष सरदार वरिंदर सिंह बांठ, सुरपाल सिंह, विजयपाल सिंह, जितेंद्र पहलवान, देवराज चौहान, सतपाल सिंह, सरदार संदीप सिंह भुल्लर आदि ने चकबंदी विभाग में जिला बंदोबस्त अधिकारी विजय कुमार की लापरवाही के चलते विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है। चकबंदी न्यायालयों में किसानों के आपसी विवाद सालों से लंबित पड़े हैं। जिससे कब्जा परिवर्तन न होने के कारण छोटे किसानों की जमीन बड़े किसानों पर जाने से हल्दौर के सुरेंद्र पाल सिंह, सतपाल सिंह, विजय सिंह आदि दर्जनों किसान भूमिहीन हो चुके हैं।
जिला बंदोबस्त अधिकारी कल्याण प्रताप सिंह व अतिरिक्त मजिस्ट्रेट संजय बंसल किसानों के बीच पहुंचे और वार्ता की, लेकिन किसानों ने समस्या का समाधान न होने तक आंदोलन समाप्त करने से साफ इंकार कर दिया। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह धनकड़, प्रदेश महासचिव रामौतार सिंह, सुरपाल सिंह, विजयपाल सिंह, जितेंद्र पहलवान, मुनिदेव सिंह, संदीप त्यागी, देवराज चौहान, अब्दुल गफ्फार, संजय शर्मा, सुमित कुमार, अजय गुड्डू, जय सिंह, सरदार संदीप सिंह भुल्लर आदि किसान मौजूद रहे।