धामपुर में एटीएम में कैश डालने के लिए लगी एक सिक्योरिटी वैन के दो बैंकों के बाहर करीब आधा घंटे तक बगैर चालक के स्टार्ट खड़ी रहने को संदिग्ध मानते हुए लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। चालक ने पुलिस काे बताया कि वैन की बैट्री खराब होने के कारण गाड़ी को स्टार्ट ही खड़ी रखनी पड़ी।
बुधवार को पंजाबी कालोनी के सामने हाईवे पर कैशवेन स्टार्ट हालत पर खड़ी थी। जब वैन को करीब आधा घंटे से ज्यादा हो गया तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दरोगा महेशचंद्र मौके पर पहुंचे और वैन को स्टार्ट हालत में देख वह भी हैरान रह गए। दरोगा ने आसपास के कई बैंकों में वैन के चालक को तलाश किया। चालक के एक्सिस बैंक में मिलने से पुलिस ने राहत की सांस ली। चालक और वैन के अन्य अधिकारियों ने बताया कि वैन में कैश नहीं था। वह तो आज वैन को ठीक कराने को लेकर आए थे। पुलिस ने चालक सहित वेन को कब्जे में लेकर थाने ले गई। वहां कोतवाल मुनीशचंद्र शर्मा ने पूछताछ के बाद चालक मनोज कुमार को छोड़ दिया।