बिजनौर में क्रिसमस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। चर्च में प्रार्थना आयोजित की गई। सेंटा क्लॉज ने बच्चों को टॉफी और गिफ्ट वितरित किए। सभी ने एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी।
तेरा प्रेम कैथोलिक चर्च में बच्चों ने प्रभु यीशु का जन्मस्थल चरनी बनाया। फादर विजू सिवेस्टियन ने शनिवार रात दस बजे प्रेयर कराई। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु ने मानवता को शांति व प्रेम का संदेश देने के लिए जन्म लिया। उन्होंने कहा कि जब प्रभु यीशु पैदा हुए तो उस रात आकाश में एक दिव्य सितारा चमका। प्रभु यीशु के दर्शन करने आए तीन ज्योतिषियों का मार्गदर्शन भी उस सितारे ने ही किया। प्रभु यीशु के जन्म से पहले या बाद में यह सितारा अब तक नहीं चमका है। प्रार्थना के बाद केक बांटा गया।
सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च में फादर एलिप्रिंस ने प्रेयर कराई। उन्होंने बताया कि प्रभु यीशु ने कहा था कि उन्होंने पापियों और गरीबों के उद्धार के लिए जन्म लिया था। चर्च में सेंटा क्लॉज बने रोहित ने बच्चों को टॉफी और गिफ्ट वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु ने सभी को एक दूसरे की सहायता करने का संदेश दिया है। सभी ने चर्च में मोमबत्ती जलाकर प्रार्थना की। विधायक रुचि वीरा, चेयरमैन फरीद अहमद, जिला बार के पूर्व अध्यक्ष एसके बबली ने चर्च जाकर सभी को क्रिसमस की बधाई दी। चर्च में अनुराग नाथ, अमित नाथ, एकता, जैसमिन, पैटिशा, निम्मा, मानू, दीपक, अनिल नाथ, निर्मल नाथ, आशीष नाथ, संदीप, राजा, खुशी, सोनू, अलका, सीमा, पिंकी आदि मौजूद रहे।