तेज हवा से सुलग उठी चिंगारी, छप्पर जले
किरतपुर। तेज हवा के कारण बृहस्पतिवार को भी कई कूड़ी व छप्पर जल गए। आग बुझाने में गांववालों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
थाना क्षेत्र के गांव किथौड़ा में दोपहर दो बजे गांव निवासी निजामुद्दीन के छप्पर पर कहीं से चिंगारी आ पड़ी। उस समय हवा तेज चल रही थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पीड़ित के अनुसार घर में रखे 50 हजार रुपये और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग पड़ोस के नूर मोहम्मद के छप्पर में भी पकड़ ली। घरेलू सामान सहित घर में खड़े ट्रैक्टर और गाही मशीन भी जलकर गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया गया। एसडीएम परमानंद झा ने आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता के लिए शासन को लिखने का आश्वासन दिया है।
नींदडू़ में भी तेज हवा के कारण 50 कूड़ियों में आग लग गई, जिसे दमकल विभाग की मदद से काबू पाया गया। लोगों ने बताया कि अनुसूचित बस्ती चमरपुरी के पास खली पड़ी भूमि पर कूड़ियां पड़ी हैं। बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे एक कूड़ी में पड़ी गर्म राख की चिंगारी तेज हवा के कारण सुलग गई और कूड़ियों में आग लगती चली गईं। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर तीन बजे अपराह्न मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग बुझाई।