बिजनौर में गन्ना बकाया सहित अनेक मांगों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को बिजनौर चीनी मिल के बाहर धरना देते हुए प्रदर्शन किया। भाजपा पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा गन्ना उत्तर प्रदेश में पैदा होता है। वर्ष 2017-18 के पेराई सत्र के 15 हजार करोड़ का गन्ना भुगतान चीनी मिलों ने अब तक नहीं किया है, जबकि भाजपा सरकार ने 14 दिन में गन्ने के भुगतान का वादा किया था। ऐसा न होने पर ब्याज सहित भुगतान की बात कही थी। लेकिन अब भाजपा सरकार में किसानों को गन्ना भुगतान समय से नहीं मिल रहा है। किसानों में गेहूं, आलू, धान का उचित मूल्य न मिलने से निराशा है। आर्थिक तंगी से दर्जनों किसान आत्महत्या कर चुके हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने उनकी कोई मदद नहीं की। पूर्व विधायक रुचि वीरा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सदन में किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। धरना सुबह 11 से दो बजे तक चला। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम बृजेश सिंह को देते हुए गन्ना भुगतान तत्काल ब्याज सहित कराने, गन्ने के लाभकारी मूल्य 275 रुपयेे प्रति क्विंटल को कम बताते हुए इसे बढ़ाने की मांग की। इस दौरान खुशनूद खां, शमशाद अंसारी, सत्यपाल सिंह, आजम अली खां, गजेंद्र देवल, जावेद राईन, दारा सिंह, प्रमोद प्रधान आदि मौजूद रहे।
नजीबाबाद/नांगलसोती। प्रदेश व्यापी आह्वान पर समाजवादी पार्टी ने नजीबाबाद चीनी मिल सहित क्षेत्र की चीनी मिलों पर किसानों के गन्ना बकाया भुगतान सहित किसानों की समस्याओं को लेकर धरना दिया।
विधायक तसलीम अहमद के नेतृत्व में जुलूस के रूप में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता किसान सहकारी चीनी मिल नजीबाबाद पहुंचे। विधायक ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार ने हर मोर्चे पर किसानों को धोखा दिया है। कर्जमाफी हो, गन्ना भुगतान हो, बिजली, खाद व कृषि उपज के दाम किसान मानसिक और आर्थिक रूप से बदहाल हैं। विधायक के नेतृत्व में चीनी मिल पर धरने के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम डॉ.पंकज कुमार वर्मा को दिया गया। धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ सपा नेता मनव्वर अली, नवेद इकबाल, मो.रफीक अंसारी, जाहिद अंसारी, नईम मकरानी, शादाब, मो.जाकिर सहित अनेक सपा कार्यकर्ता शामिल रहे।
उत्तम शु्गर मिल बरकातपुर में सपा के जिला सचिव चौ.महमूद कुरैशी, पूर्व सांसद शीशराम रवि, पूर्व चेयरमैन मुअज्जम खां, फुरकान खां, नफीस अहमद, ग्राम प्रधान सुनीता देवी, प्रधान के पति सबलगढ़ शहाबुद्दीन, सलीम अख्तर, मो.यूनुस, सलीम सलमानी सहित अनेक सपाइयों ने बरकातपुर मिल गेट पर धरना दिया। प्रदर्शन कारी सपाइयों का आरोप था कि समय से गन्ना भुगतान कराने का वादा करने वाली सरकार किसानों के करोड़ों रुपये गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर चुप्पी साधे हैं। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन नांगलसोती के थानाध्यक्ष राजेश चौहान को सौंपा।
मिल नहीं चली तो हम बर्बाद हो जाएंगेः ओमवेश
चांदपुर में रविवार को सपाइयों ने पूर्व राज्यमंत्री स्वामी ओमवेश के नेतृत्व में वेव ग्रुप की चांदपुर चीनी मिल पर धरना प्रदर्शन किया। कहा कि यदि मिल नहीं चली तो हम बर्बाद हो जाएंगे। धरने पर पहुंचे एसडीएम उमेश कुमार मिश्र को राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। अनिल शर्मा के संचालन में चले धरने पर चौधरी आदित्यवीर सिंह, शिव कुमार यादव, शेख शमीम अहमद, धर्मेंद्र तोमर, डा.लाखन पाल, नाजिम खान, खुर्शीद अंसारी, धर्मपाल प्रधान,अशोक प्रधान, जुबैर अहमद, सचिन चौधरी, शकील अहमद, आमिर सिद्दकी, लव कुमार प्रधान, तनवीर अहमद आदि मौजूद रहे।
बकाया गन्ना भुगतान को लेकर धरना दिया
स्योहारा में रविवार को नूरपुर विधानसभा क्षेत्र विधायक हाजी नईमुलहसन व सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव के नेतृत्व में समाजवादी कार्यकर्ता चीनी मिल गेट पर इकट्ठा हुए। किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को लेकर धरना दिया। गेट पर आयोजित सभा में विधायक हाजी नईमुलहसन ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा व कृषि प्रधान प्रदेश है। कड़ी मेहनत तथा भरपूर लागत लगाकर भी किसानों को समय पर गन्ने का भुगतान नहीं कराया जाता है। भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा गन्ना किसानों का भुगतान न कराना दुर्भाग्यपूर्ण एवं किसान विरोधी चरित्र को उजागर करता है। सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने उत्तर प्रदेश का गन्ना किसान बकाया भुगतान न मिलने से ज्यादा परेशान व दुखी है। सभा का संचालन फैसल हिलाल और अध्यक्षता डा. रधुनाथ सिंह ने की। गेट सभा के बाद राज्यपाल के नाम द्वारा जिलाधिकारी ज्ञापन नायब तहसीलदार कुमार संजय सिंह को दिया गया। ज्ञापन में गन्ना किसानों का पंद्रह हजार करोड़ रुपये चीनी मिलों पर बकाया का भुगतान तत्काल कराने, चौदह दिनों में भुगतान न होने की स्थिति में ब्याज सहित किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान दिलाने, भारत सरकार द्वारा 275 रुपये प्रति क्विंटल उचित दर एवं लाभकारी मूल्य घोषित कराने आदि की मांग की। इस मौके पर मेजर रईस अहमद चौधरी, मास्टर अमर सिंह, मुनव्वर जलील, देश राज सिंह, राजपाल प्रजापति, सतवीर सैनी, सत्यवीर यादव, लोकेश भारद्वाज, महावीर सिंह यादव, गुलफाम प्रधान, मुजीबुल हसन, महफूज सागर, प्रताप सिंह, सुनील कुमार खन्ना, राजेंद्र प्रधान, सहदेव आदि लोग मौजूद रहे।
मिल गेट पर दिया धरना
धामपुर/अफजलगढ़ में सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को धामपुर और अफजलगढ़ चीनी मिल गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने भाजपा की सरकारों को किसान विरोधी बताया। कहा, किसानों की आय को दुगुना करने का दावा करने वाली सरकारों अपनी आमदनी को दुगुना करने में लगी है। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। रविवार को सपा कार्यकर्ता करीब 10 बजे गांव नौरंगाबाद में पार्टी के कैंप कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां पर सभा का आयोजन किया। पूर्व राज्यमंत्री मूलचंद चौहान ने प्रदेश और केंद्र की सरकारों को किसान विरोधी बताया। कहा कि इन सरकारों ने किसानों को उनके बैंक ऋण माफ करने के नाम पर सिर्फ धोखा दिया है। बिजली की दरों में कई गुना बढ़ोत्तरी कर किसानों को हानि पहुंचाई है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा की सरकार से बदला लेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से आगामी पेराई सत्र में गन्ने का भाव 275 रुपये प्रति क्विंटल करने, समय से भुगतान न होने पर गन्ना मूल्य का पेमेंट ब्याज के साथ कराने की मांग की। इस दौरान नसीम राणा, अमित चौहान, यशवीर सिंह, नवनीत कुमार, जावेद सईद, इस्लाम, महेश, शिवनाथ सिंह, सुशील कुमार, यशवीर सिंह, विनोद कुमार, घनश्याम सिंह, सतीश कुमार, पवन, रामगोपाल, सुरेंद्र, रियाज अली, कुशलपाल सिंह आदि मौजूद रहे। अफजलगढ़ में सपा कार्यकर्ताओं ने शुगर मिल के सामने विरोध प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सीओ को सौपा। प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। गन्ना भुगतान के मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। इस मौके पर पूर्व विधायक शेख सुलेमान, सपा नगर शेख हसीब अहमद, इस्लामुद्दीन, मलकीत सिंह, शेख इरशाद अहमद, दलजीत सिंह, डॉ. शाहिद, यासिर, परवेंद्र, हरजिंदर, राजकुमार आदि मौजूद रहे।