बिजनौर में सपा हाईकमान ने नजीबाबाद से पार्टी प्रत्याशी अबरार आलम का टिकट काट दिया है। उनकी जगह विधायक तसलीम अहमद को टिकट दिया गया है। तसलीम अहमद पिछले दिनों बसपा का दामन छोड़कर सपा में शामिल हुए थे।
तसलीम अहमद 2012 के चुनाव में नजीबाबाद से बसपा से विधायक बने। इससे पहले वह सपा में थे। सपा में रहकर दो बार तसलीम अहमद नगर पालिका नजीबाबाद के चेयरमैन भी रह चुके हैं। दलितों ने तसलीम अहमद का बसपा में विरोध शुरू कर दिया था। इस पर तसलीम अहमद ने बसपा से नाता तोड़ने का मन बना लिया।
इसके लिए वह मौका तलाश रहे थे। एमएलसी चुनाव के दौरान तसलीम अहमद ने बसपा से नाता तोड़कर सपा का दामन थाम लिया। सपा हाईकमान ने नजीबाबाद से पूर्व ब्लाक प्रमुख अबरार आलम को प्रत्याशी बना दिया था। अबरार आलम को पहले से ही कमजोर प्रत्याशी माना जा रहा था। सपा हाईकमान ने अब अबरार आलम का टिकट काटकर विधायक तसलीम अहमद को दे दिया र्है। तसलीम अहमद के समर्थक पार्टी हाईकमान के इस निर्णय से गदगद है तो अबरार आलम के समर्थको में मायूसी है। खुद विधायक तसलीम अहमद ने सपा से टिकट मिलने की पुष्टि की है।