अफजलगढ़ में जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा से सैनिक का शव गांव रसूलपुर में पहुंचते ही कोहराम मच गया। सैनिक का बुधवार को रामगंगा नदी के कटारमल घाट पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
गांव रसूलपुर आबाद निवासी विनोद कुमार गुंसाई (45) राष्ट्रीय रायफल्स जम्मू-कश्मीर के कुपावड़ा में हवलदार के पद पर तैनात था। तीन दिन पहले ड्यूटी के दौरान विनोद कुमार की हृदयगति रुकने से निधन हो गया। मंगलवार शाम को उसका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। बुधवार को सुबह दस बजे कटारमल बैराज रामगंगा घाट पर उनका सैन्यसम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पार्थिव शरीर को उनके छोटे भाई अशोक कुमार गुंसाई ने मुखाग्नि दी। इस मौके पर 71 इंजीनियरिंग बटालियन मेरठ सब एरिया पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 16 सदस्य टीम के कैप्टन विशाल शर्मा, नायक सूबेदार राम बाबू, मनोज कुमार, गजेंद्र सिंह, बिट्टू चौहान, आदित्य नारायण, राजेश कुमार, सुमित आदि ने तीन चक्र राउंड गोलियां चलाकर सलामी दी। इस मौके पर अमित शर्मा, प्रदीप बिष्ट व पूर्व विधायक डॉ. इंद्रदेव सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मलकीत सिंह, दर्शन सिंह रावत, गुरविंदर सिंह, सतेंद्र सिंह, कैप्टन रघुवीर सिंह बिष्ट, बलकार सिंह, श्यामलाल भारद्वाज सहित मौजूद रहे।