नगीना। नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम बनी गणेश में स्थित सहकारी समिति के कार्यालय का ताला तोड़कर 1600 रुपये के सिक्के चोरी करने वाले तीनों चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों चोर दिन में चूहे मार दवाई बेचते थे और रात में चोरी की घटना को अंजाम दे दिया।
सीओ डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम बनी गणेश में स्थित सहकारी समिति के कार्यालय में नौ जनवरी की रात्रि में ताला तोड़कर चोरों ने 1600 रुपये (सिक्के) की नकदी चुरा ले जाने की पुलिस को सूचना मिली थी। इस मामले में समिति के कर्मचारी सुधीर कुमार द्वारा थाने पर प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि रात्रि में ही टीम लगाकर पुलिस ने नगीना बस स्टैंड के पास तीनों चोरों को चोरी की गई नकदी के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान लुधियाना (पंजाब) के थाना मुल्लापुर ग्राम प्रेमनगर निवासी वीरू, साजन व भोले के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह लुधियाना से चूहे मार दवाई बाजार में बेचने के लिए धामपुर आए थे।
उसके बाद उन्होंने नगीना व उसके आसपास के क्षेत्र में बाजार में दवाई बेची तथा रात्रि के समय सड़क किनारे सहकारी समिति दिखाई दी तो चोरी की योजना बनाई। घटना को अंजाम देने के बाद वह बस से लुधियाना निकलना चाह रहे थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए। अपनी लोकेशन छुपाने के लिए तीनों ने अपने पास मोबाइल नहीं रख रखा था।