चांदपुर में एसबीआई में सौ-सौ के नोट जमा करते व्यापारी पासर भाटिया।
- फोटो : अमर उजाला
चांदपुर में क्षेत्र के कुछ बैंकों में नो कैश का बोर्ड लगने से हो रही परेशानी को कुछ कम करने के उद्देश्य से एक व्यापारी ने एसबीआई में 3.40 लाख रुपये सौ-सौ के नोट जमा कर जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने का काम किया है। बैंक मैनेजर ने व्यापारी का स्वागत किया।
नोटबंदी को ग्यारह दिन बीत जाने के बाद भी बैंकों में नई करेंसी नहीं आने से बैंकों में छोटे नोट की कमी दिखाई देने लगी है। नगर क्षेत्र के कई बैंकों के गेट पर नो कैश का बोर्ड तक लग गया है जिससे जरूरतमंद परेेेशान हैं। बैंकों पर जरूरतमंदों की लंबी कतार कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। शनिवार को बैंकों में नोट बदलने के लिए बुजुर्गों का दिन रखा गया था। बैंकों में कम होती करेंसी के चलते शनिवार को मोहल्ला कटारमल निवासी व्यापारी पारस भाटिया सौ-सौ के नोटों की 34 गड्डी लेकर जब भारतीय स्टेट बैंक चांदपुर पहुंचे तो उसके स्वागत के लिए बैंक मैनेजर मनोज कुमार ढल अपनी सीट से खड़े हो गए तथा कैशियर के पास स्वयं उसके साथ पहुंचकर कैश जमा कराया। बैंक मैनेजर ने कहा कि व्यापारी द्वारा छोटे नोट जमा करने से और अधिक जरूरतमंदों को लाभ पहुंचेगा।
जिला जज ने भी लिए ढाई लाख
चांदपुर में एसबीआई से सात परिवारों को शादी के लिए ढाई लाख रुपये दिए गए हैं। ऐसे परिवारों के लिए फार्म शनिवार को बैंक में आ गया है। शनिवार को जिला जज पीके चौरसिया ने भी अपनी बेटी की शादी के लिए ढाई लाख रुपये लिए। इसके अलावा मोहल्ला चौधरियान निवासी बाबूराम, महादेवपुरम निवासी सत्यवीर सिंह, नसीम अहमद ने भी अपने परिवार में होने वाली शादी के लिए ढाई लाख रुपये बैंक से लिए।