नांगलसोती। ग्राम पंचायत सचिव ने गांव सुंगरपुर बेहड़ा निवासी गंगाराम को कागजों में मृत घोषित कर दिया। पिछले 11 महीने से गंगाराम की पेंशन रुकी हुई हैं। वृद्ध ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से शिकायत कर बताया कि साहब मैं तो जिंदा हूं।
ग्राम पंचायत सुंगरपुर बेहड़ा के निवासी गंगाराम पुत्र घनश्याम सिंह को वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त होती थी, लेकिन पिछले 11 माह से उनकी पेंशन नहीं आ रही है। गंगाराम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से सूचना का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत पेंशन रुकने का कारण पूछा तो जिला समाज कल्याण अधिकारी जागेश्वर सिंह ने जवाब में बीडीओ नजीबाबाद के कार्यालय से प्राप्त आख्या के आधार पर 18 जुलाई, 2024 को पेंशन रोकनेे की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सचिव ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। उधर, गंगाराम का कहना है कि गांव में दूसरे गंगाराम पुत्र परशुराम की मृत्यु हुई थी। ग्राम पंचायत सचिव अवधेश कुमार की लापरवाही से उन्हें पिछले 11 महीने से पेंशन नहीं मिल रही है।
उधर, बीडीओ दीपक कुमार तेवतिया का कहना है गंगाराम के जीवित होने की रिपोर्ट भेजकर पेंशन पुनः शुरू कराई जाएगी।