लॉकडाउन के दूसरे दिन रहा सन्नाटा
नींदडू़। रविवार को लॉकडाउन के दूसरे दिन धामपुर-नूरपुर मार्ग पर अपेक्षाकृत सन्नाटा पसरा रहा। कम संख्या में वाहन गुजरे तथा पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें आगे जाने दिया। कस्बे में मेडिकल स्टोर और परचून की दुकानों के अलावा अन्य प्रतिष्ठान बंद रहे। एक दो व्यक्तियों ने अपनी दुकानें खोलीं, किंतु पुलिस को आता देख शटर गिरा दिया। गश्त के चलते अधिकांश लोग घरों में रहे तथा बेवजह बाहर नहीं निकले। उधर, पुलिस की मौजूदगी के चलते जामा मसजिद व काजियान मोहल्ले के हॉट स्पॉट क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही कम रही।
कोतवाली देहात। क्षेत्र के बाजार में 55 घंटे के लॉकडाउन के दूसरे दिन भी सन्नाटा रहा। सड़कें सुनसान रहीं। पुलिस जगह-जगह मुस्तैद थी। पुलिस ने बिना वजह घर से निकले सड़क पर चल रहे लोगों के चालान काटे तथा मास्क नहीं लगाने वालों से जुर्माना वसूला। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार की अगुवाई में रविवार को भी पुलिस क्षेत्र में गश्त की।
कस्बा कोतवाली देहात, अकबराबाद व बरूकी में चौराहों पर पुलिस तैनात रही। बाइक सवार या कार सवार को पुलिस ने रोककर लॉकडाउन में बाहर निकलने का कारण पूछा। संतोषजनक जवाब नहीं देने पर पुलिस ने चालान काटा। मास्क न लगाने वालों पर शमन शुल्क वसूला। लॉकडाउन के चलते कस्बे की सभी दुकानों में सुबह से लेकर शाम तक ताला लटका रहा। सरकार ने लॉकडाउन में इस बार शराब की दुकान खुलने के आदेश जारी किए। इससे क्षेत्र में शराब की दुकानें तो खुली, लेकिन सख्ती के चलते भीड़ कम ही दिखाई दी।
12 हजार समन शुल्क वसूला
हल्दौर। पैजनियां चौराहे पर पुलिस ने लॉकडाउन में घरों से बेवजह निकले दर्जनों लोगों के वाहनों के ई-चालान काटकर करीब 12 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला। पुलिस ने बिना मास्क लगाए लोगों के भी चालान काटे।