नजीबाबाद। कोटद्वार से दिल्ली के बीच शुरू की गई सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस के नजीबाबाद पहुंचने पर भाजपा नेताओं और व्यापारियों ने स्वागत किया। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर कोटद्वार से ट्रेन को रवाना किया।
सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस बुधवार शाम 4:40 बजे नजीबाबाद के प्लेटफार्म तीन पर पहुंची। भाजपा नेता राजीव अग्रवाल, विशाल माहेश्वरी, पंकज शर्मा, अशोक चौधरी, उप्र उद्योग व्यापार मंडल के शिवकुमार माहेश्वरी, नईम टाटा, मौअज्जम खां ने ट्रेन के चालक कय्यूम अहमद और सहायक योगेंद्र सिंह का माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर एसएस जयपाल सिंह, सीआईटी शकील हैदर, विक्रांत, सीपी सिंह, राजू सहित रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। पहले दिन सिद्धबली एक्सप्रेस में कोटद्वार से 14 यात्रियों सहित 57 यात्रियों ने आरक्षण कराया। एजीएम नवीन गुलाटी, डीआरएम तरुण प्रकाश, एसीएम नरेश सिंह, एडीईएन भरत अग्रवाल, सीएमआई आरके सिंह, शिव सिंह रावत, विपुल कुमार, इरफान अंसारी सिद्धबली एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहे।
ट्रेन संचालन का समय घोषित
नजीबाबाद। सिद्घबली जनशताब्दी एक्सप्रेस 04048 बृहस्पतिवार को दिल्ली से सात बजे चलकर कोटद्वार दिन में 1:40 बजे पहुंचेगी। गाजियाबाद स्टेशन पर ट्रेन प्रात: 7:48 बजे, हापुड़ 8:32 बजे, गजरौला 9:30 बजे, मंडी धनौरा 10:11 बजे, चांदपुर स्याऊ 10:43 बजे, हल्दौर 11:12 बजे, बिजनौर प्रात: 11:40 बजे, मौअज्जमपुर नारायण 12:18 बजे, नजीबाबाद स्टेशन 12:45 बजे और कोटद्वार दिन में 1:40 बजे पहुंचेगी।
कोटद्वार स्टेशन से सिद्धबली एक्सप्रेस 04047 अपराह्न 3:50 बजे चलकर नजीबाबाद सायं 4:30 बजे मौअज्जमपुर नारायण 4:51 बजे, बिजनौर शाम 5:28 बजे, हल्दौर 5:56 बजे, चांदपुर स्याऊ शाम 6:25 बजे, मंडी धनौरा 6:56 बजे, गजरौला 7:30 बजे, हापुड़ रात्रि 8:35 बजे, गाजियाबाद 9:31 बजे और दिल्ली रात्रि 10:20 बजे पहुंचेगी। 12 रैक की ट्रेन में आठ कोच टू स्लीपर, दो एसी चेयर कार और दो एसएलआर कोच लगाए गए हैं। ट्रेन यात्रा के लिए सभी यात्रियों को पूर्व में टिकट आरक्षित कराना होगा।