बिजनौर। दीपावली पर खरीदारी के लिए स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता दें। इससे शहर के व्यापारियों का कारोबार बढ़ेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन से स्थानीय बाजार प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों ने लोगों से त्योहार पर स्थानीय दुकानों से ही खरीदारी करने की अपील की। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों ने बाजार की समस्याओं के समाधान की मांग की।
शुक्रवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में व्यापारी राजेंद्र सिंह ने कहा कि ऑनलाइन व्यापार के कारण स्थानीय दुकानदारों के कारोबार प्रभावित हो रहा है। ग्राहक छोटी से छोटी वस्तु भी ऑनलाइन मंगाने लगे हैं। इससे बाजार में दुकानों पर ग्राहकों की संख्या कम हो रही है। व्यापारी राजवीर सिंह बोले कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर यदि लोग स्थानीय बाजार से खरीदारी करेंगे तो छोटे और मध्यम व्यापारियों को भी राहत मिलेगी।
अमित चौधरी ने कहा कि ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था बंद होनी चाहिए। क्योंकि, हर कोई ऑनलाइन भुगतान कर रहा है। अगर, कोई ग्राहक 500 रुपये लेकर आता है तो उसे वापस देने के लिए फुटकर पैसों की किल्लत रहती है।
व्यापारी संत कुमार शर्मा ने सड़क किनारे खड़ंजा बिछाने की मांग की। क्योंकि, सड़क की साइड में धूल उड़ने और बारिश में पानी भरने की समस्या से व्यापारी और ग्राहक दोनों परेशान होते हैं।
व्यापारी पिंटू ने कहा कि नगीना मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज नहीं होने से परेशानी होती है। ग्राहक फाटक पार करके उनकी दुकानों पर आना कम पसंद करते हैं।
व्यापारी नीरज कुमार ने बताया कि ऑनलाइन व्यापार पर लगाम लगनी चाहिए। इदसके अलावा अंकुर, जोगेंद्र कुमार ने बाजार में सार्वजनिक शौचालय नहीं होने का मुद्दा उठाया। शौचालय नहीं होने से बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी होती है।
व्यापारी मोहम्मद इरफान, अजय ने कहा कि शहर के चौराहों पर होने वाली चेकिंग को बंद किया जाए। शहर के अंदर चेकिंग होने से ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहक बाजार आने से कतराते हैं। इससे व्यापार प्रभावित होता है। शहर के बाहर चेकिंग होनी चाहिए।
संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों ने उठाए ये मुद्दे
-बाजार में शौचालय बनवाया जाए
-नगीना मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज जल्द बने
-ऑनलाइन व्यापार पर लगाम लगे
-सड़क किनारे खड़ंजा बिछाया जाए
-दिन के समय सड़क पर पानी का छिड़काव हो