बिजनौर के मोहल्ला बुखारा स्थित मजिस्जद में ईद की नमाज अदा करते शिया मुस्लिम।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में शिया समुदाय ने बुधवार को ही ईद मनाते हुए नमाज अदा की। नमाज में मुल्क व कौम की तरक्की की दुआ की गई। बुधवार को मोहल्ला बुखारा स्थित मस्जिद में शिया समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। हालांकि अधिकतर शियाओं को ईद के बुधवार को होने की सूचना सुबह ही मिली। इतने कम वक्त में भी वे तैयार होकर मस्जिद में नमाज अदा की। मौलाना इरफान हैदर ने नमाज अदा कराई। कुछ मुस्लिमों के अनुसार उन्हें ईद होने की खबर तब मिली, जब वे रोजा रखने की तैयारी कर रहे थे। मुनिया, शान हैदर, अली सज्जाद आदि ने ईद की नमाज अदा की। उन्होंने बताया कि देश की खुशहाली और शांति के लिए दुआ की। कहा कि एक-दूसरे के गले लगकर मुबारकबाद दी।
अपना धर्म निभाएं ः डीएम
बिजनौर में डीएम बी चंद्रकला ने सभी जिले वासियों विशेषकर मुस्लिम बंधुओं को ईद उल फितर की ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि पवित्र माह रमजान में गरीबों, पड़ोसियों और समाज के समस्त वर्गों के लोगों से सद्व्यवहार ,दुख दर्द में शामिल होने की इबादत की जाती है। त्यौहारों का मूल उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, मानवीय मूल्यों पर आधारित आपसी व्यवहार को मजबूत करना है। डीएम ने राष्ट्र की खुशहाली, अखंड़ता, शांति, सुरक्षा की स्थापना में अपना धर्म निभाने की अपील की ।
चांदपुर। शिया समुदाय ने ईद-उल-फितर बुधवार को मनाया। शिया समुदाय ने मस्जिदों में बुधवार को ईद की नमाज अदा की। गांव गोयली, बास्टा, रसूलपुर नंगला, ढाकी आदि में शियाओं ने ईद मनाई। चांदपुर के महल सादात में मौलाना मोहसिन अब्बास जैदी ने नमाज अदा कराई। एक-दूसरे को ईद की मुबारकवाद दी।