घर-घर पहुंच रहीं शांतिकुंज की टोलियां
नजीबाबाद। महाकुंभ पर्व और शांतिकुंज के शताब्दी वर्ष पर शांतिकुंज हरिद्वार की टोलियां घर-घर जाकर गंगाजल वितरण और वेद स्थापना अभियान चला रहीं हैं।
शांतिकुंज के जोनल कार्यालय के व्यवस्थापक डॉ. दीपक कुमार के नेतृत्व में शांतिकुंज की ओर से गंगाजल वितरण और वेद स्थापना के लिए टोलियां घर-घर पहुंच रहीं हैं। टोली नायक रमाशंकर पटेल ने कहा कि मानव धर्म ही सबसे बड़ा है। धर्म सागर है, संप्रदाय उसकी नदियां हैं। सद्ज्ञान का दान सर्वोत्तम है। उन्होंने सर्वे भवंतु सुखिन: की भावना को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता और समरसता के लिए काम करने का आह्वान किया। टोली नायक रमाशंकर, डीपी सिंह, सुनील कुमार, उदय सिंह चौहान की ओर से घर-घर वेद स्थापना के साथ शांतिकुंज और महाकुंभ से संबंधित पुस्तक आदि सामग्री का वितरण किया जा रहा है।
कोरोना संक्रमण के दौर में महाकुंभ पर सोशल डिस्टेंसिंग बनाने के उद्देश्य से शांतिकुंज की टीम गंगाजल घर-घर पहुंचाकर श्रद्धालुओं को धर्मलाभ दिलाने में सहभागी बन रही है। सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी रामअवतार सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य संतोष गुप्ता, कैलाश चंद सिंघल, बालकिशन सिंघल, सतेंद्र गुप्ता, रोशनी वर्मा समेत हिमालयन कॉलोनी के धीर सिंह, शशि चौधरी, विपिन शर्मा सहित 50 घरों में शांतिकुंज की ओर से वेदों की स्थापना की गई। वेद स्थापना अभियान में व्यवस्थापक कमल शर्मा, जितेंद्र सिंह, हरीश शर्मा, मधुबाला गुप्ता, कामेश शर्मा, पुष्पा शर्मा, सुरेश शर्मा, राजबाला का सहयोग रहा।