रविवार दोपहर बाद से था लापता था, पोस्टमार्टम में लटकने से मौत की पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर। मोहल्ला जोशीयान निवासी और नांगल सोती में स्थित आश्रम के सेवादार आकाश कुमार (25) पुत्र स्व. कोमल जोशी का शव सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिल्कियों के कब्रिस्तान में खड़े आम के पेड़ से पगड़ी के कपड़े से लटका मिला।
परिजनों के अनुसार आकाश रविवार अपराह्न करीब तीन बजे से लापता था। काफी तलाश के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। सोमवार सुबह करीब सात बजे कब्रिस्तान की ओर से जा रहे लोगों ने पेड़ पर शव लटका देखा और परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
निरीक्षक अपराध विपिन चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत की पुष्टि हुई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
तीन वर्ष बाद लौटा था घर
परिजनों ने बताया कि करीब सात वर्ष पूर्व पिता की मृत्यु के बाद आकाश नांगल सोती स्थित भूरिया सोत आश्रम चला गया था। वहां वह सेवादार के रूप में कार्य कर रहा था। तीन वर्ष बाद अब वह होली के अवसर पर घर लौटा था। जिस घर में होली के रंग सजने थे, वहां अब गम का सन्नाटा पसरा है।