सीमा चौधरी ने जीता गोल्ड
बिजनौर। अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में वर्धमान कालेज की छात्रा सीमा चौधरी ने क्रॉस कंट्री में गोल्ड दिलाकर कॉलेज का नाम रोशन किया। वहीं सीमा सहित कॉलेज के पांच खिलाड़ियों का अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए रूहेलखंड विश्वविद्यालय की टीम में चयन हुआ है।
सीमा चौधरी वर्धमान कालेज बिजनौर की एमए की छात्रा है। सीमा ने क्रॉस कंट्री महिला वर्ग में कॉलेज को 12 साल बाद गोल्ड दिलाया है। कॉलेज के खेल विभाग के अध्यक्ष डॉ. शांतनु सिंह काकरान ने बताया कि सीमा का अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त बीए की छात्रा शौर्या का 67 किलो भार वर्ग में रितिक चौधरी का 76 किलो भार वर्ग में कुश्ती प्रतियोगिता में चयन हुआ है। बताया कि ऋषभ राठी का 100 मीटर दौड़ तथा सोहित का 10 किलोमीटर लंबी रेस में अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में चयन हुआ है। चयनित पांचों खिलाड़ियों का कालेज में प्राचार्य डॉ. सीएम जैन ने सम्मान किया है। रुटा के अध्यक्ष डॉ मुकेश कुमार, डॉ सोनल, डॉ आर के यादव, डॉ. जेके विश्वकर्मा, डॉ. अजय चतुर्वेदी, डॉ. विकास, डॉ. ललित चौहान, सत्यपाल सिंह कोच आदि ने चयनित खिलाड़ियों की सराहना की है। खेल विभाग के मुकुल, मोनिका, ललित मौजूद रहे।