रायपुर सादात/नजीबाबाद। नगीना देहात के मतदान केंद्र कमरुद्दीन नगर पर कड़ी सुरक्षा के बीच पुन: मतदान हुआ। इस मतदान केंद्र पर 28 नवंबर को ग्रामीणों ने मतपेटियां लूटकर आग लगाने का प्रयास किया था।
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर एसडीएम नगीना पीके सिंह, सीओ कमलेश्वर बिल्टोरिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल की निगरानी में कमरुद्दीन नगर मतदान केंद्र के बूथ संख्या 390 पर दोबारा मतदान हुआ।
वार्ड संख्या 7 से 13 तक संपन्न हुए चुनाव में एक सदस्य पद के सीधे मुकाबले के साथ ग्राम प्रधान पद के लिए पुन: मतदान हुआ।
मंगलवार को हुए मतदान में 895 में से 523 मतदाताओं ने संगीन के साये में मतदान किया। प्रथम चरण के मुकाबले में 28 नवंबर को हुए मतदान में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बूथ पर कब्जा कर मत पेटियां लूट ली थीं।
पुलिस ने एक महिला सहित आठ नामजद आरोपियों सहित 200 के खिलाफ मत पेटी लूटने तथा उन्हें आग के हवाले करने के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
भारी पुलिस बल ने कमरुद्दीन नगर में गांव को पुलिस छावनी में बदलते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद वहां प्रशासन ने दोबारा वोटिंग कराने का निर्णय लिया था। जिसके तहत मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग हुई।
थानाध्यक्ष को पड़ा हार्टअटैक
नजीबाबाद। कमरुद्दीन नगर मतदान केंद्र पर मत पेटियों को लूटने के प्रकरण के बाद थानाध्यक्ष एनआर पंवार को दिल का दौरा पड़ा।
उन्हें नजीबाबाद में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मेरठ भर्ती कराया गया है। चर्चा है कि नगीना देहात पुलिस की उदासीनता के चलते कमरुद्दीन नगर बूथ पर मत पेटियां लूटने एवं उन्हें जलाने की वारदात हुई थी। गाज गिरने के भय से थानाध्यक्ष की हालत बिगड़ गई।