मिशन इंद्रधनुष अभियान का दूसरा चरण शुरू
बिजनौर। सघन मिशन इंद्र धनुष अभियान 2.0 के दूसरे चरण का शुभारंभ सोमवार को सीडीओ कामता प्रसाद सिंह ने बच्चों को दवाई पिलाकर किया। इस अभियान के अंतर्गत पांच ब्लॉक चयनित किये गए हैं। इनमें नूरपुर, बिजनौर, हल्दौर, कोतवाली देहात, नजीबाबाद शामिल हैं।
बाबा लंगोटिया मंदिर धर्मशाला से शुरू हुए सघन मिशन इंद्रधनुष 2.0 कार्यक्रम के बारे में सीएमओ विजय कुमार ने बताया कि दूसरे चरण में 8646 बच्चों तथा 2323 गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश भर में कई जिलों का टीकाकरण प्रतिशत अब भी 90 प्रतिशत से कम है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन सभी स्थानों पर टीकाकरण प्रतिशत बढ़ाने के लिए सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में एएनएम, आशा कार्यकर्ता द्वारा बच्चे को पूर्ण प्रतिरक्षित करने के लिए ड्रॉपआउट बच्चों को खोजा जाता है। साथ ही जरूरी टीके बीसीजी, हेपेटाइटिस बी, जीरो पेंटावेलेंट प्रथम, द्वितीय, तृतीय, आईपीवी सहित अन्य टीके लगाए जाते हैं। अभियान का तीसरा चरण तीन फरवरी से शुरू होगा। इस मौके पर नोडल/जिला प्रतिरक्षण अधिकारी अशोक कुमार, चंदक पीएचसी प्रभारी देवेंद्र कुमार, राजन वर्मा आदि मौजूद रहे।