अफजलगढ़ में तुफान आने से चक्की से उड़कर पड़ोस के मकानों पर गिरी टीन को देखती भीड़।
- फोटो : BIJNOR
स्कूल पर मंडरा रहा मौत का खतरा
बिजनौर, हल्दौर। गांव फतेहउल्लाहपुर पोटा के प्राथमिक विद्यालय परिसर में एचटी लाइन का खंभा खड़ा होने से छात्र-छात्राओं को तारों के नीचे से गुजरना पड़ रहा है। ग्रामवासियों ने कई बार विद्यालय परिसर से खंभा हटवाने विद्युत निगम के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई न हो सकी।
गांव फतेहउल्लाहपुर पोटा के प्राथमिक विद्यालय में करीब 105 बच्चे पंजीकृत हैं। इस विद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित है। इस आंगनबाड़ी केंद्र में 86 बच्चे पंजीकृत हैं। स्कूल की दीवार के निकट ही सड़क पर 25 केवीए का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है, इसमें ग्रामवासियों के करीब 15 कनेक्शन जुड़े हैं। इस ट्रांसफार्मर की विद्युत लाइन प्राथमिक विद्यालय परिसर के ऊपर से होकर गुजर रही है। विद्यालय खुलने पर स्कूल के बच्चे स्कूल परिसर में खेलते हैं, इससे मैदान के ऊपर से गुजर रही जर्जर विद्युत लाइन के तार टूटकर गिरने का खतरा बना रहता है। इस संबंध में स्कूल की मुख्य अध्यापिका प्रीति गुप्ता तथा ग्रामीण बलराम सिंह, दीपक कुमार, चतरु सिंह, इलियास अहमद, राजेंद्र कुमार, घनश्याम सिंह आदि ने स्कूल के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को हटवाने के लिए निगम के विभागीय अधिकारियों से कई बार मांग की। ग्रामीणों का कहना कि उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उनके बच्चे में जोखिम उठाकर पढ़ने को मजबूर हो रहे हैं। बताया कि शिकायत करने पर निगम के अधिकारियों ने उक्त विद्युत लाइन के नीचे जाल बंधवा कर अपने काम की इतिश्री कर ली।
कई बार चपेट में आने से बचे
हल्दौर। हाल ही में विद्युत लाइन का जर्जर तार टूटकर गिर गया था। उस दौरान बच्चे पढ़ने के लिए स्कूल आ रहे थे। कई बच्चे तार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए थे। विद्यालय की मुख्य अध्यापिका प्रीति गुप्ता का कहना है कि इस मामले में विभागीय उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जबकि निगम के जेई रामेश्वर सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। विद्यालय परिसर के ऊपर से विद्युत लाइन गुजर रही है तो इसकी जांच की जाएगी।