जेसीबी से टकराई स्कूल बस, चालक घायल
बढ़ापुर। ग्राम सादातपुर गढ़ी के समीप बच्चों को स्कूल ला रही स्कूल की एक बस की जेसीबी से भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक घायल हो गया, जबकि बस में सवार सभी छात्र-छात्राएं बाल बाल बच गए। स्कूल प्रबंधक ने जेसीबी चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया है।
क्षेत्र के ग्राम नूरपुर अरब के एसके अकादमी स्कूल की बस बृहस्पतिवार की सुबह ग्राम शाहलीपुर कोटरा व सादातपुर गढ़ी आदि गांवों से छात्र-छात्राओं को लेकर स्कूल जा रही थी। बस को ग्राम चिलकिया निवासी मोहम्मद रफी चला रहा था। जब बस सादातपुर गढ़ी के पास नूरपुर मार्ग पर पहुंची तभी सामने से आ रही जेसीबी से टक्कर हो गई। टक्कर होते ही छात्रों में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर वहां पहुंचे लोगों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला। बस में करीब तीन दर्जन बच्चे सवार थे। दुर्घटना में बस चालक घायल हो गया, जबकि जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया। दुर्घटना में घायल बस चालक को कस्बे के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया।
उधर, घटना की सूचना मिलने पर एसपी देहात रामअर्ज, एसडीएम नगीना शैलेंद्र कुमार व सीओ सुमित शुक्ला ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार इस मामले में अकादमी प्रबंधक संजीव कुमार की तहरीर पर अज्ञात जेसीबी चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।