बिजनौर : कालागढ़ हाथीशाला में हाथियों के साथ भ्रमण करता सावन।
- फोटो : amar ujala
बिजनौर में कालागढ़ की हाथीशाला में हाथी के बच्चे सावन का तीसरा जन्मदिन 130 किलो का केक काटकर मनाया गया। जन्मदिन पर श्रमिक सूबेदार अली के नेतृत्व में वन कर्मियों व महावतों ने 130 किलो का केक बनाया। सावन व उसकी मौसी गंगा को सजाया गया। इस मौके पर वन विभाग के हाथी कपिला व गजराज ने केक की दावत उड़ाई।
वहीं केक काटने के दौरान कार्बेट टाइगर रिजर्व की उपनिदेशक कल्याणी, कालागढ़ के उप प्रभागीय वनाधिकारी कुंदन सिंह खाती, वनक्षेत्रा अधिकारी झिरना रेंज की संचिता वर्मा, कालागढ़ के आरके भट्ट, विकास रावत, हाथीशाला प्रभारी शादाब आलम व स्थानीय वन अधिकारी आदि मौजूद रहे।
मां कंचनजंबा की रही गैर मौजूदगी
कार्बेट टाइगर रिजर्व के लिए कर्नाटक राज्य से नौ हाथी कालागढ़ की हाथीशाला में लाए गए थे। सभी को वनों में सुरक्षा के लिए प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। वर्तमान में हाथीशाला में चार ही हाथी मौजूद हैं। सावन के तीसरे जन्मदिन के मौके पर उसकी मां कंचनजंबा मौजूद नहीं रही। इस बारे में हाथीशाला प्रभारी शादाब आलम ने बताया कि उसकी मां झिरना रेज में प्रशिक्षण पर गई हुई हैं।
जन्मदिन पर सजकर घूमे हाथी
हाथीशाला में सावन के जन्मदिन पर अन्य हाथियों को भी खूबसूरत तरीके से सजाया गया। अपने महावतों के साथ चारों हाथी हाथीशाल में अपनी मदमस्त चाल से भ्रमण करते रहे। वहां मौजूद वन विभाग के पारिवारिक सदस्यों के अलावा बच्चों ने खूब मौजमस्ती की। सावन को गुड़ व केले खिलाए।