नजीबाबाद के तहसील में प्रदर्शन करते किसान सभा के प्रतिनिधि।
- फोटो : NAZIBABAD
प्रदर्शन कर खेती बचाओ, लोकतंत्र बचाओ के नारे लगाए
नजीबाबाद। अखिल भारतीय किसान सभा ने कृषि कानून के विरोध सहित कई मांगों को लेकर तहसील में किया प्रदर्शन। राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन तहसीलदार राधेश्याम शर्मा को सौंपा।
अखिल भारतीय किसान सभा के सचिव मो. इसरार, माकपा सचिव रामपाल सिंह के नेतृत्व में किसान सभा और माकपा कार्यकर्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने खेती बचाओ-लोकतंत्र बचाओ नारे के साथ प्रधानमंत्री द्वारा किसानों को परजीवी बताने का विरोध किया। एसडीएम को दिए ज्ञापन में कृषि कानून रद्द करने, फसल की लागत का डेढ़ गुना दाम दिलाने, खरीद की गारंटी, कर्जा मुक्त फसल बीमा का प्रीमियम सरकार द्वारा खुद भरने की मांग उठाई गई। किसान सभा ने धान व अन्य फसलों के नाम पर किसानों का आर्थिक शोषण बंद करने, डीजल व पेट्रोल के दामों पर अंकुश लगाने, कोरोना संक्रमण से मरे किसानों को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने, खेतिहर मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा गारंटी के अंतर्गत छह हजार रुपये सालाना पेंशन देने सहित कई मांगों का ज्ञापन राष्ट्रपति को भेजा है।
प्रदर्शन में खुर्शीद शेख, बाबू सईद अहमद, मो. उस्मान, तिलकराम, चुन्नम सिंह, मो.अब्बास, मो.इसरार, सहदेव शर्मा सहित अनेक माकपा और किसान सभा नेता शामिल रहे।