धामपुर। पालिका के वार्ड नंबर- 4 में प्राइवेट बस स्टैंड पास स्थित तालाब का करीब पांच साल पहले करीब 30 लाख रुपये की लागत से अमृत सरोवर के रूप में सुंदरीकरण हुआ था। जो वर्तमान में बदहाल है। तालाब का पालिका की ओर से एक बार फिर से सुंदरीकरण होगा। इसके बाद यहां पर लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा की स्थापना होगी।
पालिका के ईओ रवि शंकर शुक्ला और पालिका अध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह ने बताया कि धामपुर पालिका में भारत रत्न सरदार पटेल की प्रतिमा का स्थापित कराने के लिए प्रदेश सरकार के पूर्व परिवहन मंत्री अशोक कटारिया की ओर से आग्रह किया गया था। प्रतिमा को नगर के तिराहे और चौराहों में लगाने का प्रयास किया गया लेकिन जगह नहीं मिलने पर प्राइवेट बस स्टैंड के पास स्थित तालाब का सुंदरीकरण कर यहां प्रतिमा स्थापित कराने का निर्णय लिया गया है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 50 रुपये लागत आने का अनुमान है। सरकार की ओर से प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। जैसे ही धन प्राप्त होगा। काम चालू कर दिया जाएगा।