बिजनौर में पकड़े गए संजय हल्दर की हत्या के आरोपी।
- फोटो : BIJNOR
अनैतिक संबंधों में हुई संजय की हत्या, तीन गिरफ्तार
बिजनौर। संजय हल्दर की हत्या अनैतिक संबंधों के चलते की गई। पुलिस ने तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। अभी एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह ने संजय हल्दर हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी दीपक, इंदर कुमार मंडल उर्फ काला और सपन हल्दर निवासी नवलपुर बैराज को गिरफ्तार किया गया है। जिनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा, दो कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है। हत्याकांड का चौथा आरोपी जितेंद्र फरार है।
पुलिस पूछताछ में सपन हल्दर और इंदर मंडल ने बताया कि संजय हल्दर के उनकी पत्नियों से अनैतिक संबंध थे। वहीं आरोपी दीपक और जितेंद्र का संजय हल्दर से मिट्टी को लेकर विवाद हुआ था। जिस पर चारों ने संजय हल्दर को मारने की साजिश रची। 21 दिसंबर को संजय हल्दर नशे की हालत में था, जिसे चारों आरोपी गंगा किनारे ले गए। दीपक ने तमंचे से संजय को गोली मारी और सपन हल्दर ने चाकू से संजय की आंख पर वार किए। संजय हल्दर का शव 24 दिसंबर को पड़ा मिला था।
प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी सिटी डा. प्रवीन रंजन सिंह, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, एएसआई सुनील कुमार भी मौजूद रहे।