मारपीट के विरोध में धरने पर बैठे सफाईकर्मी
नूरपुर। सफाई कर्मचारी के साथ ड्यूटी के दौरान रविवार को तीन युवकों ने मारपीट कर दी। जिसके विरोध में सभी सफाई कर्मचारी काम बंद कर पालिका कार्यालय में धरने पर बैठ गए। पुलिस की ओर से मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देने पर धरना खत्म हुआ।
पालिका का सफाई कर्मचारी मानवेंद्र सिंह रविवार को स्योहारा रोड पर सफाई कर रहा था। आरोप है कि इस दौरान मोहल्ला रामनगर निवासी बिजेंद्र सिंह, जोगेंद्र सिंह और कल्लू ने उस पर लाठी डंडों और सरियों से हमला बोल दिया। हमलावरों ने उसका सोने का लॉकेट व फोन भी छीन लिया। सूचना पर सफाई नायक रवि मौके पर पहुंचा तो उसके साथ भी अभद्रता की और उसकी बाइक छीनकर फरार हो गए। हालांकि कुछ देर बाद बाइक वापस कर दी गई। इस मामले में मानवेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सोमवार को घटना के विरोध में सभी सफाई कर्मचारी उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कार्य बंद कर धरने पर बैठ गए। सफाई कर्मचारियों ने पुलिस पर मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप लगाते हुए आरोपियों के विरुद्ध लूट की रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नगर में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए। उन्होंने चेताया कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो जनपद की सभी नगर पालिकाओं में काम बंद करा दिया जाएगा। देर शाम प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार वर्मा सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचे और सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। इस दौरान अशोक कुमार, रवि कुमार, उमेश, मोनू, कुलदीप, संजीत, तुलाराम, ओमकार, अंकुश, बंटी, मुकेश, शारदा अंजू आदि मौजूद रहे।