मुंबई की तलाकशुदा नर्स सना (35) हत्या मामले में एक और खुलासा हुआ है। सना हत्यारोपी आशिक फैसल से करीब 15 साल बड़ी थी, जबकि आरोपी की उम्र 20 से 21 साल है। सना का नौ साल का बेटा भी है। प्रेम संबंधों के चलते सना ने अपने पति को छोड़ (तलाक) दिया था। अब फैसल से शादी करना चाहती थी। मगर फैसल और उसका परिवार इसके लिए राजी नहीं था।
यह है मामला
मुंबई की रहने वाली तलाकशुदा नर्स सना (35) की 29 मई को प्रेमी फैसल ने गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में दबा दिया। मुंबई पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर शुक्रवार को बिजनौर पहुंची और शाम करीब सात बजे मंडावर पुलिस के साथ मिलकर फैसल की निशानदेही पर खेत में गड्ढे में दफन शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मुंबई में रहकर सैलून का काम करता था, जहां उसके सना से प्रेम संबंध हो गए। अब सना शादी की जिद पर अड़ी थी, जिससे छुटकारा पाने के लिए फैसल ने उसे मार डाला।
मंडावर थाना क्षेत्र के ग्राम सैफपुर खादर निवासी फैसल अंसारी उर्फ शमी उर्फ समीर मुंबई के ओसीवारा थाने की पुलिस चौकी जोगेश्वरी बेस्ट के आनंदनगर में सैलून पर काम करता है। जहां, बड़ी मस्जिद निवासी फकीर अहमद की पुत्री सना (35) से उसके प्रेम संबंध हो गए। मुंबई के ही एक अस्पताल में नर्स सना ने फैसल से नजदीकियां बढ़ने पर पति से तलाक ले लिया था।
अब फैसल ईद मनाने के लिए बिजनौर अपने गांव आ गया। उधर 29 मई को सना भी उसके गांव पहुंच गई। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि सना ने बिजनौर पहुंचकर फैसल से संग रहने और शादी करने की जिद की। फैसल उसे बाइक पर बैठाकर मंडावर थाना क्षेत्र के फतेहपुर सभाचंद के जंगल में ले गया। जहां उसने गला घोंटकर सना की हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में दबा दिया। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी मुंबई लौट गया।
उधर सना के गायब होने के बाद दो जून को मुंबई में गुमशुदगी दर्ज हुई। प्राथमिक जांच के बाद ही मुंबई पुलिस ने फैसल को हिरासत में लिया। उसने हत्या किए जाने की बात स्वीकारी। जिसकी निशानदेही पर शव बरामद करने के लिए मुंबई पुलिस शुक्रवार को बिजनौर पहुंची।