बिजनौर में पंजाबी बाजार में स्थित नमकीन की फैक्ट्री में सोमवार की रात लगी भीषण आग से अफरातफरी मच गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री मालिक अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि आग से उसका करीब दो लाख का नुकसान हुआ है।
मोहल्ला लोहियान निवासी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि उसकी पंजाबी बाजार में नमकीन बनाने की फैक्ट्री है। सोमवार की रात उनके द्वारा रोज की तरह से फैक्ट्री को ठीक प्रकार से बंद किया गया था। फैक्ट्री में रात करीब तीन बजे आग लग गई। वहां रहने वाले व्यापारियों ने जब उन्हें घटना की सूचना दी तो उनके होश उड़ गए। वह परिवार के लोगों के साथ जब मौके पर पहुंचे, तो नमकीन के गोदाम में लगी आग से लपटें उठ रही थी। मौके पर पहुंच कर उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंची और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में बीच में इस प्रकार से नमकीन आदि की फैक्ट्री चलाना पूरी तरह से जोखिम भरा कदम है। ऐसी फैक्ट्रियां बाजार के बाहरी छोर पर होनी चाहिए। यह अच्छा रहा है कि नमकीन के गोदाम में लगी आग से बराबर में स्थित अन्य शोरूमों पर आग नहीं लगी। अन्यथा बड़ा हादसा संभव था। व्यापारियों ने कहा कि इस मार्ग पर कुछ नमकीन विक्रेता कई स्थानों पर दुकान से बाहर सड़कों पर भट्ठियां लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं।