सलेमपुर रूखड़ियों में अचार मुरब्बा तैयार करती ग्रामीण आजीविका मिशन समूह की महिला। स्रोत आजीविका
धामपुर। उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत नहटौर ब्लॉक के सलेमपुर रूखड़ियों में संचालित आकाशदीप प्रेरणा महिला संकुल समिति का प्रदेश स्तर पर चयन किया गया है। चयन समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की मार्केटिंग, पैकेजिंग, डिलीवरी और उत्कृष्ट बिक्री करने के क्षेत्र में हुआ है। नहटौर ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी आईएसबी दीनदयाल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश 75 जनपदों में करीब 3300 संकुल हैं। इनमें जनपद बिजनौर के सलेमपुर रुखड़ियों में संचालित आकाशदीप प्रेरणा महिला संकुल समिति का राज्य स्तर पर चयन किया गया है ।
इस संकुल में करीब दो दर्जन से अधिक गांवों में 300 महिला समूह संचालित हैं। करीब 3100 से अधिक महिलाएं रोजगार के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है।
इन महिलाओं द्वारा गाय गोबर के दीपक, देवी देवताओं की मूर्तियां, अचार-मुरब्बा, जूते, चप्पल, झाड़ू, हाथ के पंखे, झालर आदि अन्य सामान बनाने का कार्य किया जा रहा है। इन समूहों के उत्पादों की पैकेजिंग, मार्केटिंग, बिक्री और डिलीवरी उत्कृष्ट है।