अनुपस्थित चल रहे कर्मचारी का हर माह आ रहा वेतन
बिजनौर। विकास क्षेत्र नूरपुर के जूनियर हाई स्कूल पाहुली में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दो साल से स्कूल से अनुपस्थित चल रहा है। लेकिन इसका वेतन लगातार निकल रहा है। इस मामले में ब्लॉक के बीईओ व लिपिक भी संदेह के घेरे में हैं।
विकास क्षेत्र नूरपुर के जूनियर हाई स्कूल पाहुली में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संदीप कुमार पिछले दो साल से लगातार स्कूल से अनुपस्थित चल रहा है। अनुपस्थित होने के बाद भी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का लगातार वेतन निकल रहा है। स्कूल के प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार ने बताया कि संदीप कुमार को कई बार स्कूल आने के लिए कहा गया, लेकिन वह स्कूल नहीं आता। उनकी अनुपस्थिति लगातार लगती रही है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की अनुपस्थिति के बारे में कई बार खंड शिक्षा अधिकारी को भी बताया गया है। कर्मचारियों व शिक्षकों की उपस्थिति प्रपत्र बीईओ कार्यालय को भेजा जाता है। प्रपत्र में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संदीप कुमार की अनुपस्थिति भेजी जा रही है। इसके बावजूद भी उसका वेतन आ रहा है। वहीं, ब्लॉक नूरपुर के खंड शिक्षा अधिकारी डीएल राणा ने बताया कि जूनियर हाई स्कूल पाहुली में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लगातार विद्यालय से अनुपस्थित चल रहे हैं। यह प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। यदि सैलरी का भुगतान हुआ है तो गलत है। उनकी सैलरी कैसे निकल गई इसकी वह जांच कराएंगे।