बिजनौर के नजीबाबाद में सपा के राष्ट्रीय महासचिव अमर सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव देश में समाजवादी विचारधारा के पुरोधा और सच्चे राष्ट्रभक्त हैं। हरकिशन सिंह सुरजीत की साजिश के चलते मुलायम सिंह प्रधानमंत्री नहीं बन सके थे।
नजीबाबाद स्थित एक होटल में मीडिया से वार्ता करते हुए अमर सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने रक्षा मंत्री पद पर रहते हुए कारगिल युद्ध के जवानों को जूते उपलब्ध कराने, उन्हें परिवार से बात करने की सुविधा देने, देश की रक्षा में शहीद होने वाले जवानों को ताबूत के साथ घर भेजने जैसे अहम निर्णय मुलायम सिंह ने ही लिए। उन्होंने देश की रक्षा के मामलों में भ्रष्टाचार और सौदे नहीं किए। वे मोदी से कई हाथ आगे हैं। कान्हा कर्णवाल व संजय गहलोत की उपस्थिति में हुई वार्ता में अटलबिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी की तुलना करते हुए अमर सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी अटल बिहारी वाजपेयी के घुटनों तक भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर टिप्पणी कर शक कर रहे हैं, वे देशद्रोही हैं।
अमर सिंह ने कहा कि प्रदेश के विकास की नीति चाहे वह मेट्रो हो, पूर्वांचल में हाईवे हो, हाईटेक पॉलिसी हो, स्मार्ट सिटी हो, मुलायम सिंह यादव की तर्ज पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विकास को तरजीह दी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश भले ही किन्हीं कारणों से उनके बारे में कुछ टिप्पणी करें, लेकिन मैं समाजवादी हूं, मुलायम सिंह में पूरी आस्था रखता हूं।