बिजनौर में डीएम जगतराज त्रिपाठी ने स्वीप सेल प्रभारी को जन सामान्य में मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करने और लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के हेतु प्रेरित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
एक बैंक्केट हॉल में डीएम ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि एक जनवरी 17 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले छात्र-छात्रा अपना पहचान पत्र जरूर बनवाएं। अपने परिवार, रिश्तेदार और पड़ोसी जिन के पास पहचान पत्र नहीं हैं इस विशेष अभियान में अपना पहचान पत्र निश्चित रूप से बनवाने के लिए प्रेरित करते हुए उनका सहयोग करें।
डीएम ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए डीआईओएस, बीएसए को शहर व गांव-गांव रैली निकालने के निर्देश दिए। एनसीसी, नेहरू युवा केन्द्र व एनएसएस के माध्यम से भी विभिन्न स्थलों पर युवाओं में मतदान के प्रति रुझान पैदा करने के लिए रैलियां, मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक, लघुनाटिका आदि का आयोजन करें। उदासीन लग रहे क्षेत्रों में सरकारी एवं स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए और कैंप लगा कर लोगों को मतदान के लाभ और उसके महत्व से जनसामान्य को अवगत कराए ताकि मतदान के प्रति लोगों में जिम्मेदारी और उत्साह पैदा हो सके। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल, मुख्य चौराहों आदि जगहों पर पोस्टर व बैनर आदि के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया जाए। सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी, एडीएम वित्त एंव राजस्व सुरेंद्र राम मौजूद रहे।
नजीबाबाद में मतदाता जागरूकता संगोष्ठी प्रशासन की ओर आरएनकेला में आयोजित की गई। एसडीएम राशिद अली खां ने संगोष्ठी में भाग लेने आए महाविद्यालय और तकनीकी शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों और शिक्षकों से एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष आयु पूरी करने वाले विद्यार्थियों के नाम तत्काल मतदाता सूची में अंकित कराने तथा युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। रमा जैन कन्या महाविद्यालय की तरन्नुम, काजल, चंद्रा, नुजहत, कमलजीत, सृष्टि ने चलो मतदान करें शीर्षक से लघु नाटिका प्रस्तुत की। साहू जैन कॉलेज कॉलेज के सुमित सागर ने मतदान जरूरी विषय से नुक्कड़ नाटक, शिवानी ने अपनी सरकारी बनानी है गीत प्रस्तुत किया। एनआईआईटी के लॉ डिपार्टमेंट की छात्राओं कविता, नाजिया, शिवानी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम से मतदान की अनिवार्यता का संदेश दिया। एबीआरसी मोबीन हसन के संचालन में आयोजित मतदाता जागरूकता संगोष्ठी में साहू के प्राचार्य डॉ.एलएस बिष्ट, आरएनकेला प्रधानाचार्य भूपेंद्र कुमार, गौतम बनर्जी, ज्योति पाल, अर्चना सिंह, जसवंत सिंह, रीना, नितिन कुमार, बेगराज यादव, भारत भूषण, शालू चौहान, नेहा राजपूत, आंचल आदि उपस्थित रहे।
चांदपुर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम व सीओ ने अपने व पड़ोसियों के वोट बनवाने के लिए प्रेरित किया। छात्र छात्राओं को शपथ दिलाई।
हिंदू इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित गोष्ठी में एसडीएम आजाद भगत सिंह तथा सीओ बीएल आर्य ने छात्र छात्राओं को लोकतंत्र के बारे में विस्तार से बताते हुए एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं से अपना व अपने पड़ोसियों का वोट बनवाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शकुंतला गर्ल्स डिग्री कॉलेज चांदपुर, विवेकानंद महाविद्यालय दरबाड़ा, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चांदपुर, हिंदू इंटर कॉलेज चांदपुर के छात्र छात्राओं ने भाग लिया। मुख्यअतिथि उपजिलाधिकारी आजाद भगत सिंह ने छात्र छात्राओं व कॉलेज स्टाफ को शपथ दिलाई। विद्यालय प्रबंधक प्रभाष चंद्र मित्तल ने अतिथियों का स्वागत किया व प्रधानाचार्य विनेश कुमार त्यागी ने आभार व्यक्त किया। संचालन रविंद्र कुमार शर्मा ने किया।
धामपुर । एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह ने शुक्रवार को कन्या इंटर कालेज में छात्राओं को सुझाव दिया कि जिनकी आयु एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष की पूरी हो रही है। वह निर्वाचन आयोग की ओर से वर्तमान में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता पहचान पत्र बनवा लें। इसके साथ ही उन्हें वोटिंग की पावर और उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। एसडीएम ने कहा कि अब सरकार की ओर से मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। कार्यक्रम के तहत जनवरी 2017 को 18 साल की आयु पूरी करने वाली छात्र छात्राओं को वोट बनवाने को प्रेरित किया जा रहा है। इस मौके पर विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। दिशा कालेज में भी मतदाता जागरूक गोष्ठी आयोजित हुई।