नजीबाबाद में जनसभा को संबोधित करते जयंत चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में हर साल दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का वादा करने वाली केंद्र सरकार किसान और मजदूर वर्ग को बर्बाद करने पर आमादा है। अब भी नहीं संभले तो बहुत देर हो जाएगी।
रालोद के राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी ने यह बात कही। वे रालोद प्रत्याशी लीना सिंघल के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। जयंत चौधरी ने कहा कि नोटबंदी के करीब 100 दिन बाद भी देश में हालात सामान्य नहीं हुए हैं। आरबीआई अब तक भी यह नहीं बता पाया है कि नोटबंदी के दौरान कितना पैसा जमा हुआ। प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि उन्होंने प्रतिवर्ष दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का वादा किया था, मगर सरकारी लेबर कोर्ट की रिपोर्ट बताती है कि केंद्र सरकार के शासन में पुराने रोजगार खत्म हुए हैं और बेरोजगारी बढ़ी है। उधर, न तो गन्ने का दाम बढ़ा है और न ही गन्ना भुगतान समय पर हो रहा है। केंद्र और उत्तर प्रदेेश सरकार में किसान एवं मजदूर वर्ग बर्बाद हो रहा है। राष्ट्रीय सचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि रालोद यूपी में 350 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। अब चौधरी चरण सिंह के जमाने का लोकदल बनने जा रहा है। विधानसभा प्रत्याशी लीना सिंघल ने कहा कि आज हम सड़क पर संघर्ष कर रहे हैं, जनसमर्थन से कल जब वे विधानसभा में पहुंचेंगी, तो किसान एवं मजदूर के हक की लड़ाई लड़ेंगी। इससे पहले रालोद जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी, ब्लॉक प्रमुख अवधेश कुमार, पूर्व सांसद मुंशीराम पाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पंकज चौधरी, प्रदेश महासचिव सरदार बलबीर सिंह, रिटायर्ड जज रघुनाथ सिंह, आशीष सिंघल, प्रवीण देशवाल, बुध सिंह, ब्रजराज सिंह, महिला जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी, आशु राणा, योगेंद्र सिंह, नौबीर सिंह आदि ने नजीबाबाद पहुंचने पर जयंत चौधरी का जोरदार स्वागत किया।