आरटीपीसीआर किट खत्म, बिना जांच लौटे लोग
अफजलगढ़। बिना कोरोना जांच रिपोर्ट के मतगणना स्थल में प्रवेश न देने के निर्देश के बाद भारी संख्या में लोग जांच कराने पहुंचे। लेकिन आरटीपीसीआर खत्म हो गईं, जिस कारण जांच नहीं की जा सकी। इससे लोगों में भारी रोष है। उन्होंने डीएम से समस्या के समाधान की मांग की है।
निर्वाचन अधिकारी द्वारा पंचायत चुनाव मतगणना स्थल पर किसी भी प्रत्याशी अथवा एजेंट को बिना कोरोना जांच रिपोर्ट के प्रवेश न देने के निर्देश दिए गए हैं। इस निर्देश के बाद बुधवार को सीएचसी पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों तथा उनके समर्थकों में कोरोना जांच कराने के लिए भीड़ लग गई। लेकिन जांच किट उपलब्ध न होने के कारण सीएचसी पर जांच नहीं हो पाई और लोग बैरंग लौट गए। सीएचसी पहुंचे राजेेंद्र सिंह, अयोध्या प्रसाद, गुफरान, सलीम, गजराम, अमिताभ, गौरव चौहान, बबलू चौहान, मदनलाल, मेघराज सिंह का कहना है कि वह मंगलवार को भी कोरोना जांच के लिए सीएचसी पहुंचे थे लेकिन जांच नहीं हो पाई।
बुधवार को भी करीब 200 लोग कोरोना की जांच कराने के लिए सीएचसी पहुंचे लेकिन उनकी बुधवार को भी जांच नहीं हुई। उन्हें बताया गया कि आरटीपीसीआर जांच के लिए किट ही उपलब्ध नहीं है। भीड़ में चुनाव प्रत्याशी व उनके बनाए जाने वाले एजेंट भी काफी संख्या में मौजूद थे। उन्होंने डीएम से शीघ्र सीएचसी पर जांच सुचारु कराने की मांग की है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी सर्वेश निराला का कहना है कि एंटीजन जांच की गई है। आरटीपीसीआर किट न होने के कारण जांच नहीं की जा सकी। किट उपलब्ध होते है जांच सुचारु कराई जाएगी।