24 घंटे तक अपडेट होता रहा मोबाइल, साइबर ठगों ने तीन बार में निकाली रकम
नगीना। साइबर ठग अब लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब ठगी के लिए न तो ओटीपी मांगने की जरूरत पड़ रही है और न ही फोन कॉल करने की। मोबाइल पर आने वाले एक अपडेट मैसेज के जरिये ही साइबर ठगों ने नगीना क्षेत्र के ग्राम कालाखेड़ी निवासी कुशल पाल सिंह के बैंक खाते से 84 हजार रुपये उड़ा दिए। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित को न तो रकम निकाले जाने का कोई मैसेज मिला और न ही ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित कुशल पाल सिंह के मुताबिक, उनके मोबाइल पर एक कंपनी के नाम से मोबाइल अपडेट करने का मैसेज आया था। उन्होंने इसे मोबाइल अपडेट करने की सामान्य प्रक्रिया समझा और मैसेज में दिए गए विकल्प पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उनका मोबाइल करीब 24 घंटे तक अपडेट होने की प्रक्रिया में लगा रहा। इस दौरान न तो कोई फोन कॉल आई और न ही कोई संदिग्ध मैसेज आया।
मोबाइल लंबे समय तक अपडेट होता देख पीड़ित कंपनी के स्थानीय अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर के पास भी पहुंचे। वहां भी इसे सामान्य अपडेट प्रक्रिया समझकर कुछ समय लगने की बात कही गई। आखिरकार चार अक्तूबर की शाम करीब चार बजे मोबाइल दोबारा सामान्य स्थिति में आ गया। उस समय तक पीड़ित को खाते से रकम निकलने की कोई जानकारी नहीं थी।
बाद में जब पीड़ित ने किसी व्यक्ति को ऑनलाइन भुगतान करने के लिए अपना बैंक खाता चेक किया तो खाते में महज 900 रुपये शेष मिले। जांच करने पर पता चला कि चार अक्तूबर को तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके खाते से कुल 84 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। इसके बाद उन्हें मोबाइल अपडेट के नाम पर साइबर ठगी होने का पता चला।
पीड़ित का कहना है कि ठगी के दौरान न तो उनसे ओटीपी मांगा गया और न ही किसी ने फोन करके बैंक संबंधी जानकारी हासिल की। मोबाइल अपडेट के नाम पर हुई इस घटना ने साइबर ठगी के नए तरीकों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। सीओ आलोक सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।