कोटकादर से दिल्ली के लिए शुरू हुई रोडवेज सेवा
नजीबाबाद/रायपुर सादात। रोडवेज डिपो ने कोटकादर से दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा शुरू की है। नजीबाबाद डिपो से एक बस रोजाना कोटकादर से दिल्ली के बीच संचालित की जा रही है।
नगीना देहात क्षेत्र के कोटकादर तथा आसपास के यात्रियों को दिल्ली के लिए कोटकादर से नियमित रोडवेज सेवा शुरू की गई है। नजीबाबाद डिपो इंचार्ज भाईलाल ने बताया कि कोटकादर तथा आसपास के ग्रामीणों की मांग पर रोडवेज बस सेवा संचालित की गई है। उन्होंने बताया कि नजीबाबाद डिपो से कोटकादर के लिए रोजाना प्रात: 8 बजे रोडवेज बस रवाना होती है। प्रात: 8:30 बजे कोटकादर बस अड्डे से दिल्ली के लिए यात्रियों को लेकर नजीबाबाद होते हुए रोडवेज बस लगभग शाम चार बजे दिल्ली पहुंचती है। उन्होंने क्षेत्रीय यात्रियों से डिपो द्वारा शुरू की गई बस सेवा का लाभ उठाने की सलाह दी।