मंगलवार की शाम नहटौर चौक के पास रोडवेज बस व ट्रैक्टर ट्रॉली की आमने-सामने की भिड़ंत में बस में सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि चालक समेत 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
अमरोहा डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से अमरोहा जा रही थी। शाम करीब साढ़े छह बजे नहटौर चौक के पास सामने से आ रहे लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से बस की सामने से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर तीन टुकड़ों में बंट गया। बस की सीटें उखड़कर आगे आ गई।
हादसे के बाद बस में सवार सवारियों में हाहाकार मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई स्योहारा थाने के गांव शाहपुर खेड़ी निवासी हरनंदी पत्नी नौबहार की मौत हो गई।
अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में जायदा अकबराबाद, संजय जोशी नहटौर, जुल्फकार अमरोहा, नाजमा नजीबाबाद, ज्ञानवती महमूदपुर, बबीता नहटौर, आकाश नहटौर, निशा नहटौर, अखिलेश नहटौर, कल्लन पूरनपुर नंगला, नसीमा किवाड़, सोनू किवाड़, गोविंद नजीबाबाद, फातमा नौगांवा, अली अब्बास नौगांवा, अतुल त्यागी, बसेड़ा तगा, अशोक कुंडा खुर्द, शिवचरन चांदपुर, दिलदार व सैफ असमोली, फिरदौशी नजीबाबाद, इदरीश ताजपुर, लक्ष्मी करौंदा व बस चालक जगपाल निवासी नैनू नांगल शामिल हैं।